बरेली

Bareilly News: अतिक्रमण हटाने के विरोध में जेसीबी के आगे लेटा परिवार

Connect News 24

नवाबगंज। मकान के सामने नाले पर पड़ा स्लैब हटाने के विरोध में एक परिवार जेसीबी के आगे लेट गया। इस दौरान एक महिला सफाई कर्मचारी से भी अभद्रता की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद उसे थाने से छोड़ दिया गया। महिला सफाई कर्मचारी ने पुलिस को तहरीर दी है।

नगर पालिका परिषद की ओर से कस्बे में नाला सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को बिजौरिया रोड पर नाला साफ किया जा रहा था। जेपीएन कॉलेज मैदान के पास महंत हीरालाल के मकान के सामने नाले पर पड़ा स्लैब हटाने के दौरान परिवार ने विरोध शुरू कर दिया। जेसीबी से स्लैब हटाने पर परिवार जेसीबी के सामने लेट गया। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। काफी देर तक हंगामा हुआ।

हीरालाल का आरोप था कि नगर पालिका के अधिकारियों ने कटर से स्लैब काटने का आश्वासन दिया था। इसके बाद भी जेसीबी से इसे तोड़ा जा रहा था। इसका विरोध करने पर एक सिपाही ने उसके साथ अभद्रता की। पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। कुछ देर बाद उसे छोड़ दिया गया। इंस्पेक्टर क्राइम विनोद कुमार यादव ने बताया कि पुलिस पर लगाए गए आरोप गलत है। हीरालाल ने ही महिला सफाई कर्मचारी से अभद्रता की। सफाई कर्मचारी ने तहरीर भी दी है।

नाला सफाई अभियान से पहले अतिक्रमण हटाने के लिए मुनादी कराई गई थी। इसके बाद भी जिन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाए हैं, उन्हें तोड़ा जाएगा। सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई होगी। – प्रेमलता राठौर, नगर पालिका अध्यक्ष


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button