बरेली

Bareilly News: दुकान से जेवर चोरी कर रहीं महिलाएं पकड़ी

Connect News 24

नवाबगंज (बरेली)। कस्बे में आभूषण खरीदने के बहाने दुकान में घुसी महिलाओं ने जेवरात चोरी कर लिए। शक होने पर सराफ ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से चोरी के आभूषण मिले। सीसीटीवी फुटेज में भी महिलाएं आभूषण चुराते नजर आ रही हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों महिलाओं को थाने ले गई।

कस्बे के मोहल्ला बाईपास निवासी प्रमोद रस्तोगी की सूरी चौक पर प्रमोद ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। सोमवार को वह अपनी दुकान पर बैठे थे इसी दौरान बीसलपुर के गांव खुर्दखुरी मधुवापुर की रहने वाली तीन महिलाएं दुकान में पहुंची। उन्होंने झुमके और पायल दिखाने को कहा। सराफ ने बताया कि जब वह आभूषण दिखा रहे तो महिलाओं ने मौका देखकर कुछ आभूषण चोरी कर लिए।

शक होने पर जब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखे तो चोरी की पुष्टि हो गई। चुपके से उन्होंने कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस तीनों महिलाओं को पकड़कर थाने ले गई। तलाशी में उनके पास से सोने-चांदी के जेवरात और 5960 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में महिलाओं ने आभूषण चुराने की बात कबूल कर ली। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सराफ ने तहरीर दी है। महिलाएं पहले भी कस्बे में इस तरह की वारदात को अंजाम दे चुकी हैं। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।

बीसलपुर के सराफ को बेचती थीं जेवरात

महिलाओं ने बताया कि चोरी के आभूषण वह बीसलपुर के रहने वाले एक सराफ को बेचती थीं। चोरी के माल के बदले रुपये न लेकर वे नए आभूषण लेती हैं। इसके बाद वही जेवरात अन्य लोगों को बेच देती हैं। पुलिस आरोपी सराफ की भी तलाश कर रही है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button