Bareilly News: कोर्ट में हाजिर होने नहीं पहुंचे भूमाफिया बिल्डर
बरेली। एलायंस ग्रुप के भूमाफिया निदेशकों को कोर्ट ने समन भेजकर तलब किया था। सोमवार को उन्हें स्थानीय कोर्ट में हाजिर होना था पर आरोपी नहीं पहुंचे। इधर, पुलिस आरोपियों के संपत्तियों पर समन चस्पा करने का दावा कर रही है।
सुपरसिटी मामले में रमनदीप सिंह, अमनदीप सिंह, अरविंदर सिंह, सतवीर सिंह व हनी भाटिया के गैरजमानती वारंट जारी हो चुके हैं। पुराने मामले में ये लोग गिरफ्तारी पर स्टे ले आए हैं पर सुपरसिटी समेत नए मामलों में पुलिस के रिकॉर्ड में वे फरार आरोपी हैं।
इस बीच स्थानीय गैंगस्टर कोर्ट ने कैंट थाने में दर्ज मामले में रमनदीप समेत छह आरोपियों को समन जारी किए थे। इन सभी को 26 जून के लिए पेश होने का निर्देश दिया गया था पर एक भी आरोपी हाजिर नहीं हुआ। ऐसे में यह सवाल भी बना हुआ है कि फरार आरोपियों को पुलिस समन तामील करा पाई या नहीं। कैंट थाना प्रभारी बलवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों के घर व दफ्तर सील हो चुके हैं पर अन्य संभावित स्थानों व संपत्तियों पर समन चस्पा कराए गए थे। अब भी आरोपी हाजिर नहीं हुए तो अन्य प्रचार माध्यमों के जरिये कोर्ट में हाजिर होने की सूचना प्रसारित व प्रकाशित कराई जाएगी।



