बरेली

Bareilly News: बुखार का प्रकोप, सात लोगों की मौत

Connect News 24

कलान क्षेत्र में प्रधान के पति समेत पांच लोगों की गई जान

संवाद न्यूज एजेंसी

शाहजहांपुर। जिले में बुखार लगातार लोगों की जान ले रहा है। कलान में प्रधान के पति समेत पांच लोगों की बुखार से मौत हो गई। वहीं खुटार में बुखार की चपेट में आकर दो लोगों की जान चली गई।

कलान/परौर। ग्राम पंचायत परौर की प्रधान चांदनी माथुर के पति वीरपाल माथुर (45) को बुखार आ रहा था। उन्हें पीएचसी कलान में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनका डेंगू का टेस्ट किया, जो निगेटिव आया। बुखार कम नहीं होने पर परिजन उन्हें फर्रुखाबाद ले गए। जहां से कानपुर रेफर किया गया। सुबह करीब छह बजे वीरपाल माथुर की मौत हो गई। ग्राम पंचायत कौहीं के रफीक अंसारी (40) को चार दिन पहले बुखार आया था। परिजन ने बदायूं की एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

नगर पंचायत कलान के वरिष्ठ सपा नेता अली दराज (60) को कई दिनों से तेज बुखार आ रहा था। शाहजहांपुर के निजी अस्पताल में उनकी भी मौत हो गई। बिजली घर के पास ट्रैक्टर मिस्त्री रईस (45) ने बुखार के चलते निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। गांव रुकनपुर निवासी कल्लू (55) भी चार दिन से बुखार से पीड़ित थे। बुधवार की रात उनकी मौत हो गई।

खुटार। क्षेत्र के गांव कहमारिया निवासी 45 वर्षीय शमसुल को एक सप्ताह पूर्व तेज बुखार आया था। उन्हें पहले खुटार फिर पुवायां के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

गांव लालपुर निवासी 54 वर्षीय रामकिशोर वर्मा को बुधवार सुबह दस बजे तेज बुखार आया। इसके बाद पुत्र नितिन वर्मा, भाई मुकेश वर्मा ने उन्हें खुटार सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बुधवार रात में मेडिकल कॉलेज में उन्होंने दम तोड़ दिया।

1598 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई

-स्वास्थ्य विभाग ने 8497 मरीजों का सीएचसी-पीएचसी पर परीक्षण किया। इस दौरान 1598 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें डेंगू व मलेरिया का कोई रोगी नहीं मिला। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ.एसपी गंगवार ने बताया कि अक्तूबर में 20762 घरों की जांच की गई। 1694 घरों में मच्छरों के लार्वा को नष्ट कराया गया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button