Bareilly News: पुलिस चौकी में शराब पार्टी के बाद भिड़े सिपाही, पांच निलंबित
आंवला। कस्बे की पुलिस चौकी में शनिवार देर रात पुलिसकर्मियों ने दारू पार्टी की। इसके बाद सिपाही आपस में भिड़ गए। मारपीट की सूचना पर थाने से पहुंचे स्टाफ ने आरोपी सिपाहियों का मेडिकल परीक्षण कराया। एसएसपी ने पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
आंवला कस्बे की चौकी पर तैनात चार पुलिसकर्मी तरुण कुमार, बॉबी कुमार, कृष्ण देशवाल व दीपक कुमार शनिवार रात 12 बजे चौकी में दारू पार्टी कर रहे थे। बिशारतगंज थाने में तैनात सिपाही महेंद्र कुमार भी वहां मौजूद था। बताते हैं कि महेंद्र पहले ही शराब पीकर आया था और बाकी साथियों के संग बैठकर फिर पीने लगा। नशा हावी हुआ तो सिपाहियों में पहले कहासुनी और फिर मारपीट हो गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। हंगामा ज्यादा बढ़ा तो किसी ने अधिकारियों को सूचना दे दी। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान को जानकारी मिली तो उन्होंने आंवला थाना प्रभारी को मौके पर भेजा। थाना पुलिस ने चौकी पहुंचकर साथियों को काबू करने की कोशिश की तो वह उनसे भी भिड़ गए। मुश्किल से उन्हें सीएचसी लाया गया। वहां मेडिकल परीक्षण कराया गया। डॉक्टर ने अल्कोहल की पुष्टि कर रिपोर्ट इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा को सौंप दी।
एसएसपी ने एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्रा को मामले की जांच के आदेश दिए। इसमें पांचों पुलिसकर्मी दोषी पाए गए। उनकी रिपोर्ट पर एसएसपी ने रविवार रात पांचों सिपाहियों को निलंबित कर दिया।
शराब पीकर रोज करते थे गाली-गलौज
कस्बा चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय लोगों में भी असंतोष की स्थिति देखने को मिली। एसएसपी ने जांच कराई तो पता लगा कि ये पुलिसकर्मी शराब पीने के आदी हो चुके थे। अक्सर शराब पीकर हंगामा और गाली-गलौज करते थे। स्थानीय लोग और चौकी आने वाले फरियादी पुलिस से बैर लेने के डर से इनकी शिकायत नहीं कर पाते थे। सिपाहियों की हरकतों की जानकारी से अधिकारी भी हैरत में पड़ गए। सूत्र बताते हैं कि विभागीय जांच में कस्बा चौकी के प्रभारी व अन्य स्टाफ भी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।
वर्जन
आरोपी सिपाहियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसमें अल्कोहल की पुष्टि हुई। पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है। अनुशासनहीनता, उद्दंडता, स्वच्छंदता और कदाचार की स्थिति में पांचों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। इनकी विभागीय जांच सीओ फरीदपुर करेंगे। – घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी



