Bareilly News: पूर्व विधायक का सवाल… खस्ताहाल सड़क का कौन है माई-बाप
बरेली। हवाई अड्डे के करीब खजुरिया मार्ग का 50 मीटर हिस्सा खस्ताहाल है। इसके लिए कोई भी विभाग जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। लोग परेशान हो रहे हैं, वहीं कोई यह बताने को तैयार नहीं कि सड़क किस विभाग की है। इसका निर्माण कौन कराएगा? भोजीपुरा के पूर्व विधायक बहोरनलाल मौर्य ने अक्तूबर में जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों की बैठक में भी यह मुद्दा उठाया था। तब सीडीओ ने पता लगाने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता नारायण सिंह को दी थी।
अधिशासी अभियंता ने अवर अभियंता शादाब अहमद को मौके पर भेजा लेकिन वह भी स्पष्ट नहीं कर सके कि सड़क किस विभाग की है और कौन उसे ठीक कराएगा। इसी तरह अभयपुर-अगरास मार्ग से निकलने वाले नौगवां-घाटमपुर मार्ग पर एक किलोमीटर हिस्सा खराब है। यह मुद्दा भी जनप्रतिनिधियों की बैठक में उठा था। काफी प्रयास के बाद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने स्वीकार किया कि यह सड़क उनकी है। वही इस ठीक कराएंगे।
दो सड़कों का मुद्दा आया था। एक सड़क का पता लग गया है। दूसरी सड़क के बारे में सभी निर्माण एजेंसियों से जानकारी हासिल की जा रही है। जिस विभाग की सड़क होगी, उसी विभाग के जरिये उसकी मरम्मत कराई जाएगी। – नारायण सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
सड़क पंचायती राज विभाग की है या नहीं, इसकी जानकारी के लिए एडीओ पंचायत मौके पर जाएंगे। अगर ग्राम पंचायत की सड़क है तो उमे ग्राम पंचायत ही ठीक कराएगी। – धर्मेंद्र कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी



