Bareilly News: दिवाली पर कई इलाकों में नहीं उठा कूड़ा, लगे गंदगी के ढेर
बरेली। दिवाली पर शहर के कई इलाकों में नगर निगम की लापरवाही से कूड़ा नहीं उठा। कई इलाकों में दिवाली पर भी कूड़े के ढेर लगे रहे। वहीं, सोमवार को भी शहर के कई इलाकों में नगर निगम के सफाई कर्मचारी नहीं पहुंचे। ऐसे में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहे। कुछ स्थानों पर नालियां चोक होने से भी समस्या रही। इनसे उठ रही दुर्गंध की वजह से लोगों का वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है।
गली-मोहल्लों से कूड़ा उठाने की नगर निगम की व्यवस्था पिछले कई दिनों से बेपटरी है। करीब एक महीने से कूड़ा उठाने को लेकर कार्यदायी संस्था और नगर निगम के बीच खींचतान भी चल रही है। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की मुहिम पहले ही धराशायी हो गई है। दिवाली से पहले नगर निगम ने कुछ इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया था। दिवाली से एक दिन पहले शनिवार से ही सफाई व्यवस्था में लापरवाही सामने आने लगी थी। रविवार को दिवाली पर सफाई कर्मचारी ज्यादातर गली-मोहल्लों में पहुंचे ही नहीं। इससे वहां कूड़े के ढेर लग गए।
सोमवार को भी इसी तरह की स्थिति बनी रही। कुछ पॉश इलाकों को छोड़ दें तो शेष इलाकों में सोमवार को भी कूड़ा नहीं उठाया गया। चौपुला पुल के नीचे, चौपुला से सुभाषनगर थाना होते हुए जंक्शन जाने वाली रोड और किशोर बाजार, बिहारीपुर, कटरा चांद खां, सूफी टोला, रबड़ी टोला आदि इलाकों में गंदगी के ढेर लगे रहे।



