Shahjahanpur News: दिवाली के दिन तीन लोगों ने की आत्महत्या
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 14 Nov 2023 12:12 AM IST
शाहजहांपुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों ने दिवाली के दिन फंदे से लटककर जान दे दी। दो लोगों की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। जबकि तीसरे ने घरेलू कलह के चलते जान दी है।
कांट थाना क्षेत्र के गांव सफ्त्यारा निवासी राजेश कुमार (48) मेहनत-मजदूरी करते थे। रविवार शाम वह कुछ देर में लौटने की बात कहकर घर से निकले थे। रात करीब आठ बजे दिवाली की पूजा से पहले भाई सुरेंद्र ने उन्हें फोन किया। उनसे बात भी हुई थी। उसके बाद काेई सुराग नहीं लगा। सुबह उनका शव पड़ोसी गांव कारीमकुआपुर में गन्ने के खेत में पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। खेतों की रखवाली करने निकले ग्रामीणों ने प्रधान को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। राजेश अपने पीछे पत्नी राजेश्वरी व तीन बेटे व चार बेटियों को छोड़ गए हैं।
बंडा क्षेत्र के मोहल्ला गायत्रीनगर निवासी 45 वर्षीय राजाराम ने रात में कमरे के कुंडे में रस्सी के फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। राजाराम की पुत्री अंजलि ने बताया कि उनकी मां सदावती और पिता राजाराम हरिद्वार में मजदूरी करते थे। एक माह पहले पिता घर आ गए थे। जबकि, मां वहीं पर रुक गई थीं। रविवार शाम राजाराम को खाना खिलाने के बाद दूसरे कमरे में जाकर सो गईं। रात में राजाराम ने कमरे में कुंडे में रस्सी के सहारे फंदे से लटककर जान दे दी। सोमवार सुबह मामले की जानकारी हुई। पुलिस ने मौका-मुआयना किया। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दूसरी ओर गांव भांभी निवासी धर्मेंद्र 22 ने घरेलू कलह से तंग होकर गांव के किनारे शीशम के पेड़ में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।