Bareilly News: इधर पिंक बूथ शुरू, उधर बेटियों से दरिंदगी की कोशिश
बरेली। महिलाओं की सुरक्षा के लिए हाफिजगंज थाना क्षेत्र के रिठौरा कस्बे में सोमवार शाम एसपी देहात ने पिंक बूथ का शुभारंभ किया। इसके कुछ घंटे बाद ही इसी इलाके में बेटियों से छेड़खानी के दो मामले सामने आए। गनीमत रही जो बड़ी घटनाएं टल गईं। दोनों मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार भी किया गया है।
चार साल की मासूम को ले गया वहशी
रिठौरा। सोमवार रात कस्बे में घर के बाहर खेल रही बच्ची को का 50 साल का शख्स बहाने से घर के पीछे ले गया। वहां बच्ची के कपड़े उतारकर अश्लीलता करने की कोशिश की। इस बीच मोहल्ले की महिलाएं वहां पहुंच गईं। उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी फरार हो गया। बच्ची के पिता चौकी पहुंचे तो वहां एसपी देहात मौजूद मिले। उनके निर्देश पर आरोपी रामकिशोर के खिलाफ हाफिजगंज थाने में रिपोर्ट लिखी गई। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि आरोपी की आम शोहरत कस्बे में पहले से खराब है। वह शराब का आदी है। मोबाइल भी नहीं रखता, जिसकी वजह से लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही है। उसके दो करीबियों से पूछताछ की जा रही है। संवाद
ट्रैक्टर ड्राइवर ने नशे में आपा खोया तो पिटा
रिठौरा। कस्बा निवासी 13 साल की किशोरी की मां की मौत हो चुकी है। मंगलवार दोपहर बाद वह अपने अन्य परिजनों के साथ खेत में काम कर रही थी। परिजनों के हटते ही इज्जतनगर के गांव निवासी युवक बेचेलाल बुरी नीयत से उसे झाड़ियों में खींच लिया। वह उससे जबर्दस्ती की कोशिश करने लगा तो किशोरी ने शोर मचा दिया। तभी खेतों से आ रहे किसान वहां पहुंच गए और आरोपी की पिटाई लगा दी। आरोपी पेशे से ड्राइवर है। उसे भी पुलिस के हवाले कर रिपोर्ट कराई गई है। संवाद
एसपी देहात बोले- सुरक्षित होंगी बेटियां
रिठौरा। सोमवार रात कस्बे में बने पिंक बूथ का शुभारंभ करने पहुंचे एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि यहां महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। बच्चियां-महिलाएं बिना किसी झिझक यहां आकर समस्या बता सकती हैं। उनको बेहतर सुरक्षा प्रदान की जाएगी। बेटियों पर गलत नजर डालने वालों को जेल भेजा जाएगा। संवाद
दशहरा मेले में लगा पिंक बूथ
सीबीगंज। आइटीआर में लगने वाले दशहरा मेले में भी पिंक बूथ लगाया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने बूथ में बैठकर महिलाओं को जागरूक किया। वनमंत्री डॉ. अरुण सक्सेना, भाजपा नेता अनिल सक्सेना व इंस्पेक्टर सीबीगंज राधेश्याम भी वहां पहुंचे। महिलाओं ने पिंक बूथ की सराहना की। संवाद



