Bareilly News: तीन सौ बेड अस्पताल के संचालन के लिए पहल कर रहे माननीय
बरेली। जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए तीन सौ बेड अस्पताल का संचालन जरूरी है। शासन को पत्र भेजकर जनहित में जरूरी मानव संसाधन की तैनाती की मांग की जाएगी, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके। ये बातें जनप्रतिनिधियों ने कही है।
कोरोना महामारी के दौरान कोविड डेडिकेटेड अस्पताल के तौर पर शुरू हुआ तीन सौ बेड अस्पताल अब बदहाल है। यहां ओपीडी संचालित हो रही है पर जांच की व्यवस्था अधूरी होने से मरीजों को जिला अस्पताल व निजी अस्पतालों का चक्कर काटना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है। सीमित मानव संसाधन में महज ओपीडी ही संचालित की जा सकती है। इससे अधिक सेवाओं के लिए विशेषज्ञों व अन्य स्टाफ की जरूरत है। इसके लिए शासन को भेजे जा रहे प्रस्तावों पर कोई जवाब नहीं मिल रहा है। मामले में अब जनप्रतिनिधियों ने शासन स्तर पर पहल की बात कही है। मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र भेजकर पूर्व में भेजे गए प्रस्तावों का संज्ञान लेने की मांग करेंगे।
… ताकि कम हो सके जिला अस्पताल पर बढ़ता भार
जनप्रतिनिधियों के मुताबिक बरेली की आबादी अब 50 लाख के पार पहुंच रही है। शहर की अनुमानित आबादी 12 लाख से ज्यादा है। साल दर साल जिला अस्पताल पर मरीजों का भार बढ़ता जा रहा है। अब गंभीर बीमारियों के मरीज भी बढ़ रहे हैं। तीन सौ बेड अस्पताल अगर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की तर्ज पर संचालित होगा तो इसका सीधा लाभ जनता को मिलेगा।
फोटो
कैंसर के मरीजों को मिले बेहतर सुविधा : डॉ. अरुण सक्सेना
वन राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार का कहना है कि जिले में कैंसर के मरीज बढ़ रहे हैं। यहां बरेली मंडल समेत उत्तराखंड और नेपाल तक के मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। डेडिकेटेड कैंसर हॉस्पिटल बनने से मरीजों को दिल्ली की दौड़भाग नहीं करनी होगी। अस्पताल संचालन के लिए पहल हो रही है।
फोटो
शासन स्तर पर की थी पहल, फिर भेजूंगा पत्र : संजीव अग्रवाल
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल का कहना है कि तीन सौ बेड अस्पताल का पूरी क्षमता से उपयोग हो स,के इसके लिए डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक तक पहल हो चुकी है। वहीं, सीएमओ से भी लगातार प्रगति की जानकारी ली जा रही है। अब फिर पत्र भेजकर संचालन की मांग की जाएगी।



