Bareilly News: नपं अध्यक्ष बनने की खातिर पिछड़ी जाति में की शादी, हारने पर मारने की कोशिश
बरेली। शेरगढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष पद पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित हुआ तो सामान्य जाति का परिवार इस पद का चुनाव लड़वाने के लिए पिछड़ी जाति की बहू ले आया। चुनाव में जीत हासिल न हुई तो बाद में ससुरालवालों ने बहू पर जानलेवा हमला कर दिया। बहू ने ससुराल के सात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
शेरगढ़ नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच की निवासी हिना ने बताया कि वह दो बार अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुकी हैं। वह पिछड़ी जाति से आती हैं, जबकि उनके ससुराल वाले सामान्य जाति के हैं। ससुरालवालों ने उनसे शादी ही इसी उद्देश्य से की थी कि आरक्षण बदलने पर उन्हें चुनाव लड़ा सकें। बताया कि दो साल पहले हिना को ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया था। इस बार शेरगढ़ में अध्यक्ष पद पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित हुई तो ससुराल वाले हिना को मायके से ले आए और अच्छा व्यवहार रखा।
हिना चुनाव हार गईं तो ससुरालवाले फिर उसे प्रताड़ित करने लगे। वह हिना पर जातिगत टिप्पणी करने लगे। ससुराल वालों ने हिना के गले में रस्सी का फंदा कसकर मारने की कोशिश की। हिना कमरे में भागी तो ससुराल वालों ने चाकू और लात-घूसों से हमला कर दिया। हिना का गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। पड़ोसी आए तो जान से मारने की धमकी देकर हिना को घर से निकाल दिया। शिकायत पर ससुर अकील खां, मुन्नी बेगम, सरताज, मलका, अनमता, नगमा और अर्शी के खिलाफ शेरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पति पर आरोप नहीं है।



