Bareilly News: मस्जिद में घुसकर इमाम से अभद्रता
नवाबगंज। शुक्रवार को चेयरमैन प्रत्याशी के पति ने अपने साथियों के साथ मस्जिद में घुसकर इमाम से अभद्रता की। वहां लगे कैलेंडर फाड़ दिए। नाराज नमाजियों ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। आरोपी और शिकायतकर्ता एक ही समुदाय के हैं।
कस्बे के मोहम्मद जावेद, विरासत व जुनैद अंसारी ने बताया कि शुक्रवार को कस्बे की जामा मस्जिद में नमाजी जुमे की नमाज पढ़ने के लिए गए थे। इसी बीच नगरपालिका परिषद से चेयरमैन पद पर प्रत्याशी का पति अपने 30-40 साथियों के साथ मस्जिद में घुस आया। नमाजियों के सामने तकरीर कर रहे इमाम से जबरदस्ती अपनी बात कहलवाने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर उसने इमाम के हाथ से माइक छीन लिया। आरोप है इस दौरान छीना-झपटी भी हुई। साथ आए लोगों ने मस्जिद में लगे रमजान शरीफ के धार्मिक कैलेंडर फाड़ दिए। विरोध करने पर उसने मस्जिद से बाहर आकर अपने समर्थकों के साथ नारेबाजी शुरू कर दी। शिकायकर्ताओं ने बताया कि आरोपी ने धार्मिक स्थल की पवित्रता भंग की है। इस मामले में कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इमाम ने माइक छीनने की बात कही है। इमाम की ओर से तहरीर नहीं मिली है।



