बरेली

Bareilly News: इंस्पेक्टर क्राइम ने शुरू की विवेचना, एसओजी भी पड़ताल में लगी

Connect News 24

सीबीगंज। छात्रा को ट्रेन के सामने फेंकने के मामले में विवेचना कर रहे सीबीगंज थाने के इंस्पेक्टर की मदद में एसओजी भी जुट गई है। एसओजी ने शुक्रवार को छात्रा के गांव, कोचिंग सेंटर आदि स्थानों पर जाकर पूछताछ की। साथ ही पुलिस को छात्रा के होश में आने का भी इंतजार है, ताकि बयान ले सके।

सीएम योगी की नाराजगी के बाद एसएसपी ने घटनाक्रम की जांच की कमान खुद हाथ में ले रखी है। उन्होंने एसओजी को फुटेज व जानकारी जुटाने में लगा दिया है। सीबीगंज थाने के इंस्पेक्टर क्राइम सर्वेश कुमार विवेचना में जुटे हैं। पुलिस व एसओजी की टीम ने सीबीगंज में डेरा जमा लिया है। सूत्र बताते हैं कि इस घटना में आरोपी के दो अन्य साथी भी शक के घेरे में हैं। पुलिस उनके नंबर सर्विलांस पर लगाकर घटना की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

सीबीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा मंगलवार रात रेलवे ट्रैक पर मिली थी। उसके दोनों पैर व एक हाथ कटा था। पिता व परिजनों ने गांव के ही एक शोहदे पर उसके साथ छेड़छाड़ कर उसे रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाकर शिकायत की थी। आरोप था कि उसकी हरकतों के बारे में जानकारी के बाद भी उसके पिता ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। मामले में पिता-पुत्र को जेल भेज दिया गया है। वहीं सीबीगंज थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित हो चुके हैं।

वर्जन

– सीबीगंज मामले में परिजनों की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस पूरी कार्रवाई कर चुकी है। विवेचक अन्य संभावित बिंदुओं पर विवेचना करेंगे। ज्यादा महत्वपूर्ण छात्रा का होश में आना है। उसके सही होने पर पुलिस उसका बयान दर्ज करेगी जिसे विवेचना में शामिल किया जाएगा। – घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी

पिता ने डीएम को दिया पत्र, सरकारी नौकरी और आर्थिक मदद मांगी

– छात्रा के पिता ने शुक्रवार को डीएम को एक पत्र सौंपकर बेटी के भविष्य को लेकर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि छात्रा के ठीक हो जाने पर उसे सरकारी नौकरी व पचास लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। इसके लिए शासन स्तर से कार्रवाई कराई जाए। डीएम ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस मांग को वह शासन को भिजवाएंगे। छात्रा का उपचार चल रहा है, उसकी यथासंभव मदद की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button