बरेली

Bareilly News: बाजार में जले समृद्धि के दीप, आज घुलेगी भाई दूज की मिठास

Connect News 24

बरेली। पंच दिवसीय दीपोत्सव के तीसरे दिन यानी दीपावली पर दिन भर बाजार गुलजार रहा। किराना, फूल-बताशे, खील-खिलौने, फल, मिठाई और आतिशबाजी की दुकानों पर ग्राहकों की कतार लगी रही। शाम को दुकानों में भगवान गणेश व देवी लक्ष्मी का पूजन कर कारोबारियों ने समृद्धि के दीप जलाए।

दिवाली पर पूजन, पटाखे जलाने और पकवान का स्वाद लेने के लिए तैयारियों का दौर सुबह से ही जारी रहा। मंडी और बाजारों में खरीदारी के लिए ग्राहकों की कतार रही। फूल से घर, मंदिर सजाने, पकवानों से परिवार को खुश करने, रिश्तों में मिठास घोलने और पटाखों से आसमान को सतरंगी करने के लिए हर कोई बेसब्र रहा। खरीदारी में किसी ने कोई कोस कसर बाकी नहीं रखी। श्यामगंज, कुतुबखाना, सुभाषनगर, राजेंद्रनगर बाजार समेत डेलापीर, एलन क्लब, कुतुबखाना सब्जी मंडी व फल मंडी में सुबह से शाम तक भीड़भाड़ रही।

शुगर फ्री मिठाइयों और ड्राईफ्रूट की मांग रही ज्यादा

शहर की मिठाई दुकानों पर दिवाली के दिन कदम रखने को जगह नहीं बची थी। रसगुल्ला, लड्डू, लौंज, काला जामुन, काजू, अंजीर की मांग ज्यादा रही। शुगर फ्री मिठाइयों की मांग ज्यादा रही। किप्स स्वीट्स के अमन खंडेलवाल ने बताया कि इस साल कारोबार बेहतर रहा।

दिवाली पर फूलों की खुशबू से बाजार महकते रहे। गेंदा और गुलाब के दाम 10 से 20 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए। देवी लक्ष्मी के पूजन के लिए कमल के फूलों की मांग बढ़ने की वजह से इसकी कीमतें 50 रुपये प्रति पीस तक जा पहुंचीं। अधखिले या छोटे कमल के फूल की कीमत भी 20 रुपये प्रति पीस रही।

दिवाली पर डेयरी की दुकानें भी गुलजार रहीं। पनीर, सोया चाप खूब बिका। मांग को देखते हुए कीमत भी तीन सौ रुपये प्रति किलो तक जा पहुंची। मटर 120 रुपये प्रति किलो रही। किराना दुकानों पर मसाला, छोला, चना तेल आदि बिके।

भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का प्रतीक भैया दूज के लिए भी बाजार सजकर तैयार है। बाजार में मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर गिफ्ट पैक बनाए गए हैं। इनकी कीमत दो सौ से दो हजार रुपये तक हैं। इसमें चॉकलेट, ड्राईफ्रूट, मिठाई और शीतल पेय समेत अन्य पदार्थ हैं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button