Bareilly News: भूमाफिया गिरोह की और 70 करोड़ की संपत्तियां कुर्क
बरेली। एलायंस बिल्डर्स के भूमाफिया निदेशकों की 70 करोड़ की संपत्तियां मंगलवार को फिर मुनादी कर कुर्क की गईं। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने ढोल बजवाकर संपत्ति कब्जे में ली।
सोमवार को संयुक्त टीम ने स्टेडियम रोड स्थित 20 करोड़ कीमत के एलायंस बिल्डर्स के कार्यालय को कुर्क किया था। मंगलवार दोपहर कैंट व इज्जतनगर थाना पुलिस ने महानगर कॉलोनी स्थित एलायंस ग्रुप के निर्माणाधीन होटल अग्रांते के कार्यालय, व्यावसायिक भवन, गार्डन और बंद पड़े पेट्रोल पंप को कब्जे में लेकर कुर्की कर दी। कैंट थाना प्रभारी बलवीर सिंह, इज्जतनगर थाना प्रभारी अरुण श्रीवास्तव समेत बारादरी थाने का फोर्स यहां मौजूद रहा। कैंट इंस्पेक्टर ने डीएम का आदेश पढ़कर सुनाया।
व्यावसायिक भवन को सील करने के लिए कैंट इंस्पेक्टर ने ताला और चेन मंगवाई। कर्मचारी बाजार गया तो कुत्ते बांधने वाली चेन ले आया। इसी को लपेटकर ताला जड़ दिया गया। एसडीएम सदर प्रत्यूष पांडेय ने कहा कि इस संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने की कोशिश की गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ अलग से कार्रवाई की जाएगी।
एलायंस ग्रुप के व्यावसायिक भवन में बैंक ऑफ इंडिया की शाखा संचालित है। इसमें आसपास के कई लोगों का खाता है। इसलिए कैंट इंस्पेक्टर ने डीएम के आदेश में जनहित का हवाला देते हुए बैंक को सील या कुर्क नहीं किया। हालांकि बैंक अधिकारियों को बता दिया गया है कि एलायंस ग्रुप से जुड़े लोगों के खातों में किसी तरह का लेन-देन न किया जाए। ऐसा हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।



