बरेली

Bareilly News: सरोवरों के तट पर दीपदान, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

Connect News 24

बरेली। लोक आस्था के पर्व छठ के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर दीपदान किया। छठी मइया के गीत गुनगुनाते हुए संतान के सुदीर्घ जीवन एवं सुख-समृद्धि की कामना की। सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन करेंगी।

रविवार को दोपहर बाद से ही छठ घाटों की रौनक बढ़ने लगी थी। सिर पर पूजन सामग्री की टोकरी रखे हुए परिजनों के साथ व्रती महिलाएं पूजा स्थल पर पहुंचीं। कई परिवार बैंड बाजे के साथ छठ घाट पर पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद महिलाओं ने छठ वेदी की सफाई की। उसके चारों ओर पूजन सामग्री को करीने से सजाया। इसके बाद पानी में खड़ी होकर सूर्यदेव के अस्ताचलगामी होने की प्रतीक्षा की। इस दौरान छठी मइया के परंपरागत गीत गूंजते रहे।

रुहेलखंड विश्वविद्यालय में बने सरोवर के किनारे मेले जैसा माहौल रहा। बच्चे नाचते-झूमते रहे। इस पल को कैमरे में कैद करने की भी होड़ रही। खासकर युवक-युवतियां परिजनों के साथ सेल्फी लेते नजर आए। इज्जतनगर स्थित मंदिर, धोपेश्वरनाथ मंदिर, रेलवे कॉलोनी, रामगंगा तट, तपेश्वरनाथ मंदिर में भी कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला। आस्थावान महिलाएं हाथ में प्रसाद का सूप लिए घंटों पानी में खड़ी रहीं। जैसे ही सूर्यदेव अस्त होने लगे, महिलाओं ने उनको अर्घ्य दिया। इसके बाद परिजनों के साथ वापस लौटीं।

चनबा बनाकर की गई पूजा

विश्वविद्यालय परिसर में बने तालाब में बेटे और बहू के साथ पूजा करने पहुंची गीता देवी ने बताया कि यहां पूजा करने के बाद गन्ने व अन्य फलों को लेकर वह घर जाएंगी। वहां गन्नों का चनबा बनाकर उसके नीचे प्रसाद व अन्य सामग्री रखकर पूजा की जाएगी। रातभर आसपास की महिलाएं मिलकर छठी मइया के गीत गाएंगी। फिर तड़के तीन बजे फलों और पूजन सामग्री की डाली लेेकर तालाब पहुंचेंगी। सूर्योदय होनेे तक तालाब में ही खड़े रहेंगे। इसके बाद अर्घ्य दिया जाएगा। प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का समापन करेंगी। ग्रीनपार्क, सनराइज कॉलोनी, जजेज कॉलोनी, शिव गार्डन, आनंद विहार के साथ ही दूर-दूर से महिलाएं पूजा करने के लिए विश्वविद्यालय पहुंचीं। यहां पूजा स्थल से पहले बैैरिकेडिंग की गई थी।

छठी मइया से आंचल फैलाकर मांगा आशीर्वाद

मीरगंज/आंवला। धामपुर बाॅयो आर्गेनिक्स लिमिटेड (मीरगंज चीनी मिल) में भी रविवार को महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान व्रती महिलाओं ने आंचल फैलाकर छठी मइया से परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। मिल परिसर में बनाए गए घाट पर रागिनी सिंह, सुरभि श्रीवास्तव, सीमा राय, शीला देवी, सुमन देवी, अनीता देवी, कविता देवी, शिल्पा लहरी, नेहा दीक्षित, नेहा शुक्ला आदि महिलाएं पूजा करने के लिए पहुंचीं। वहीं, इफको परिसर स्थित भगवान सिद्वेश्वर मंदिर में बनाए गए कृत्रिम जलाशय में व्रती महिलाओं ने सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान छठ के गीत गाए। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button