बरेली

Bareilly News: सबस्टेशन पर जड़ा ताला, कई गांवों की आपूर्ति ठप

Connect News 24

अलीगंज। बिजली की अघोषित कटौती से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को योगी विजय देवनाथ के नेतृत्व में अलीगंज सबस्टेशन पर ताला जड़ दिया। आपूर्ति भी बंद करा दी। रात आठ बजे अधिकारियों ने आपूर्ति बहाल करा दी। प्रदर्शनकारी देर रात तक सबस्टेशन के बाहर डटे रहे।

बिजलीघर में लगी पुरानी मशीनों और जर्जर बिजली लाइनों की वजह से आए दिन फॉल्ट होते हैं। इससे सबस्टेशन से जुड़े गावों में कई-कई घंटे बिजली की कटौती होती है। बिजली की अघोषित कटौती से परेशान ग्रामीण योगी विजय देवनाथ के नेतृत्व में सुबह 11 बजे अलीगंज सबस्टेशन पर तालाबंदी कर दी। सूचना पर पहुंचे एसडीओ और जेई ने समझाने का प्रयास किया मगर प्रदर्शनकारियों ने ताला नहीं खोला।

थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह भी पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने बिजली आपूर्ति में सुधार होने तक ताला खोलने से मना कर दिया। घंटों हंगामे के बाद भी बिजली निगम का कोई बड़ा अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। शाम करीब सात बजे नायब तहसीलदार शोभित चौधरी धरना स्थल पर पहुंचे। रात करीब 8.30 बजे दो फीडर से आपूर्ति शुरू कराई गई। तीसरे फीडर में फॉल्ट होने की वजह से यहां से जुड़े गांवों में बिजली संकट बना रहा।

आपूर्ति बहाल होने के बाद भी प्रदर्शनकारी धरने से नहीं उठे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लो वोल्टेज की वजह से मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पाता। बिजली बिल देने के बाद भी जनरेटर का सहारा लेना पड़ता है। धरना स्थल पर सिसौना, तिगाई दत्तनगर, अमरोली, राजपुरकलां, सूदनपुर, मटियार, सुतेरा, बेहटा बुजुर्ग आदि गांव के ग्रामीण मौजूद रहे।

बारिश के बाद जगह-जगह हुए फॉल्ट

आंवला। मंगलवार को बारिश के बाद ग्रामीण क्षेत्र में जगह-जगह फॉल्ट के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रही। आंवला में 132 केवी के सबस्टेशन पर हुए फॉल्ट के चलते कस्बा सहित आसपास के दर्जनों गांवों में करीब आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। फतेहगंज पूर्वी में 33 केवी लाइन में हुए फॉल्ट के चलते कई गांवों की बिजली गुल रही। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button