Bareilly News: बारिश के बाद मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका
बरेली। बारिश के बाद अचानक मौसम में आए बदलाव से जल और मच्छरजनित रोगों की आशंका बढ़ गई है। तापमान में गिरावट और नमी बढ़ने के साथ ही, जगह-जगह जलभराव मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल माहौल बना रहा है। डॉक्टरों ने बचाव का सुझाव दिया है।
बारिश के बाद तापमान अब 33 डिग्री के करीब आ गया है। सर्दी-गर्मी से एक ओर वायरल मरीज बढ़ेंगे तो दूसरी ओर, मलेरिया और डेंगू के मामलों में भी तेजी आएगी। ऐसे मौसम में डेंगू और मलेरिया के लार्वा को पनपने का मनमाफिक माहौल मिलता है। मच्छरों की तादाद ज्यादा होगी तो बीमारियों के बढ़ने की आशंका भी रहेगी। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. सतीश चंद्रा के मुताबिक अभी मलेरिया का प्रकोप है पर जैसे-जैसे तापमान कम होगा डेंगू के मच्छर पनपने लगेंगे। नवंबर में डेंगू के मरीज बढ़ने की आशंका में स्वास्थ्य समितियां सतर्क हो गई हैं। पूर्व में संवेदनशील रहे क्षेत्रों में फॉगिंग, साफ-सफाई और ग्रामीणों को जागरूक करने की मुहिम चल रही है। बुखार होने पर जांच कराकर ही दवा लें।
घर के आसपास पानी को जमने न दें। रात में सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। डेंगू के मच्छर दिन में अधिक काटते हैं। इसलिए दिन में विशेष तौर पर सतर्क रहें। घर में कूलर के पानी को बार-बार बदलते रहें। घर के वे सामान जहां पानी का जमाव हो उसे बदल दें।
सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने कहा कि प्रत्येक रविवार को मच्छरों पर वार करें। यानी घर में साफ सफाई कराएं। छत पर रखे पुराने बर्तन, टायर, गमले आदि सामान में पानी जमा न होने दें। जहां जलभराव हो वहां केरोसिन की बूंदें डाल दें ताकि लार्वा नष्ट हो सकें।



