बरेली

Bareilly News: सोने पर छाई महंगाई, चांदी की राखियों से सजेगी भाई की कलाई

Connect News 24

बरेली। रक्षाबंधन पर बहनें भाई की कलाई को प्रेम के धागों से सजाती हैं। इस बार बाजार में सोने व चांदी की राखियों की धूम है। सोने की राखियां महंगी होने के कारण आकर्षक डिजाइन वाली चांदी की राखियां बहनों की पहली पसंद बनी हुई हैं। वजन और डिजाइन के मुताबिक चांदी की राखियां 300 से एक हजार रुपये तक की कीमत में बाजार में मौजूद हैं। ब्रेसलेट लुक वाली राखी की कीमत धागे वाली राखी से ज्यादा है।

ग्राहकों को लुभाने के लिए इन राखियों को खास तरीके से तैयार किया गया है। दो या दो से अधिक राखियों पर दुकानदारों की ओर से खास ऑफर भी दिया जा रहा है। बच्चे कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों के दीवाने हैं। बाजार में मौजूद छोटा भीम, डोरेमॉन आदि कैरेक्टर वाली राखियों की खूब बिक्री हो रही है।

सराफा कारोबारी मनोज कुमार ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार सोने की राखियों के लिए बहुत कम ऑर्डर मिले हैं। बाजार में चुनिंदा दुकानों पर सोने की राखियां मौजूद हैं। चांदी की राखियों की मांग ज्यादा है। ये बाजार में कम कीमत पर आसानी से मिल रही हैं। ग्राहक अपने बजट के अनुसार वजन कराकर राखियां खरीद सकते हैं।

सराफा कारोबारी राघव अग्रवाल ने बताया कि सोने की राखियां ऑर्डर पर तैयार करवाई जाती हैं। शहर की कुछ दुकानों पर बिना ऑर्डर के भी ग्राहक सोने की राखियां खरीद सकते हैं। इनकी कीमत भी वजन के मुताबिक रहती है। ग्राहक खुद भी डिजाइन देकर सोने की राखियां तैयार करवा सकते हैं।

सराफ पुनीत कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस बार राखियों का बहुत अच्छा कलेक्शन बाजार में है। इसकी डिमांड भी बहुत बढ़ी हुई है। अभी तक बाजार बहुत अच्छा चल रहा है। उम्मीद है कि आगे और अच्छा चलेगा।

पोस्ट करने के लिए स्पेशल राखियां

पोस्ट करने के लिए बाजार में चांदी की स्पेशल राखियां भी मौजूद हैं। स्पेशल पैकेट में न राखियों को पैक किया गया है। इसमें रोली, हल्दी, चंदन, अक्षत और श्रीफल आदि रखा गया है। इस पैक की कीमत 450-500 रुपये तक है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button