Bareilly News: मलेरिया मंद, तेज हुआ डेंगू का डंक
बरेली। तापमान घटने से मलेरिया के मामले कम होने लगे हैं। वहीं, डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को डेंगू के तीन नए मरीज मिलने के बाद संख्या 149 तक पहुंच गई है। रोज ही आठ से दस मामले सामने का रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 15 दिन पहले औसतन रोज मलेरिया के 55 केस मिल रहे थे, तब डेंगू के केस एक-दो तक सीमित थे। अब मलेरिया के मामले कम हुए हैं, लेकिन डेंगू के दस से ज्यादा मामले प्रतिदिन मिल रहे हैं। 25 सितंबर तक जिले में डेंगू के 119 केस थे। 26 को यह संख्या 125, 27 को 146 जा पहुंची। 28 को अवकाश होने से जांच प्रभावित रही। फिर भी निजी लैब और मेडिकल कॉलेज से तीन केस पॉजिटिव मिले। रिपोर्ट के मुताबिक साल 2022 में डेंगू के 473, 2021 में 595 मरीज मिले थे।
दो दिन पहले भमोरा सीएचसी के सिरसा बिछुरैया गांव में डेंगू संदिग्ध तीन लोगों की मौत हो चुकी है। बरेली कॉलेज के जंतु विज्ञान विभाग के शिक्षक डॉ. राजेंद्र सिंह के मुताबिक मौसम अनुकूल होने से डेंगू के मच्छर बढ़ रहे हैं। लोगों को मच्छरों से बचाव के लिए खुद भी इंतजाम करना चाहिए।
बीते साल भी भोजीपुरा में डेंगू के सबसे ज्यादा मरीज मिले थे। सीबीगंज दूसरे और सुभाषनगर तीसरे पायदान पर था। अबकी साल भी भोजीपुरा में अब तक 26 लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं। सुभाषनगर में पांच और सीबीगंज में फिलहाल कोई केस पॉजिटिव नहीं मिला है। शहर और गांव में डेंगू के 76-76 केस मिले हैं। शहर के 12 वार्ड और 13 ब्लॉकों के 52 गांवों में पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं।
डोमेस्टिक ब्रीडर चेकर्स की टीमों ने शहर और गांवों में अब तक 3,842 घरों में पनप रहे डेंगू के लार्वा को नष्ट करा चुके हैं। इन घरों के 7,391 कंटेनरों में डेंगू के लार्वा पनप रहे थे। टीमें अब तक 1.77 लाख घरों के 4.73 लाख कंटेनरों की जांच कर चुकी हैं। 5,414 एनएस-1 कार्ड टेस्ट में 154 संदिग्ध, 4,373 एलाइजा जांच में 146 डेंगू के मरीज मिल चुके हैं।
शिविर लगाकर हो रही जांच
एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. मीसम अब्बास के मुताबिक जिन इलाकों में डेंगू के केस मिल रहे हैं, वहां सोर्स रिडक्शन और स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र की टीम शिविर लगाकर बुखार के मरीजों की जांच कर रही है। एनएस-1 कार्ड टेस्ट संदिग्ध है। डेंगू की पुष्टि के लिए एलाइजा जांच जरूरी है।



