बरेली

Bareilly News: विवाहिता की मौत, अवैध संबंध का विरोध करने पर हत्या का आरोप

Connect News 24

नवाबगंज/हाफिजगंज। सोरहा गांव में विवाहिता की मौत हो गई। परिजनों ने पति सहित पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि दहेज न मिलने और अवैध संबंध का विरोध करने को लेकर विवाहिता की हत्या की गई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है।

थाना बहेड़ी के गांव पुरैनिया निवासी संजीव कुमार ने बताया कि उसने अपनी बहन आशा देवी (27) की शादी सोरहा गांव के रहने वाले रामजी सरन से नवंबर 2022 को की थी। रामजी सरन पनीर डिलीवरी का काम करता है। शादी में मिले दहेज से ससुराली खुश नहीं थे। इसको लेकर वह आए दिन बहन को प्रताड़ित करते। रामजी सरन के एक युवती से अवैध संबंध थे। वह उससे शादी करना चाहता है। बहन इसका विरोध करती। इसको लेकर उसको और ज्यादा प्रताड़ित किया जाता।

करीब एक महीने पहले बहन ने एक बेटी को जन्म दिया। कुछ दिन पहले प्लाट खरीदने के नाम पर आशा के बैंक खाते से सभी रुपये ससुरालियों ने निकलवा लिए। शनिवार देर रात उन्होंने आशा की हत्या करके शव फंदे से लटका दिया। इसके बाद आत्महत्या का शोर मचा दिया। दिखावा करने के लिए शव को सीएचसी ले गए। सूचना पर जब वह सीएचसी पहुंचे तो बहन मृत मिली। ससुराली फरार थे।

प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया विवाहिता के भाई की तहरीर पर पति रामजी सरन के साथ, ससुर पूरनलाल, सास माया देवी, जेठ ओमकार और एक महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

अस्पताल पहुंचे तहसीलदार

परिजनों के हंगामे के बाद तहसीलदार नवाबगंज आशीष कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। हंगामा कर रहे परिजनों को समझाने के साथ ही बयान भी दर्ज किए। मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

झुलसी विवाहिता ने अस्पताल में तोड़ा दम

– मायके वालों ने हत्या का लगाया आरोप, कहा- 15 दिन पहले जबरन लिखवा लिया था सुसाइड नोट

संवाद न्यूज एजेंसी

बहेड़ी। अकबराबाद गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 15 दिन पहले ससुरालियों ने जबरन उससे सुसाइड नोट लिखवा लिया था। वहीं, ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि विवाहिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। चूल्हे पर खाना बनाते समय वह झुलस गई।

बिशारतगंज निवासी गायत्री देवी (22) की शादी बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव अकबराबाद निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। दंपती का दो माह का बेटा है। विवाहिता के पिता शंकर लाल ने आरोप लगाया कि शनिवार को ससुरालियों ने गायत्री को आग लगाकर मारने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि 15 दिन पहले ससुरालियों ने जबरन गायत्री से एक नोट लिखवा लिया था कि अगर गायत्री की मौत होती है तो वह खुद जिम्मेदार होगी। उन्होंने मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

वहीं, पति ने बताया कि शनिवार को गांव में हवन था। परिवार के सभी लोग वहां गए थे। गायत्री घर में अकेली थी। जब वह घर आए तो गायत्री लपटों में घिरी हुई थी। जैसे-तैसे उन्होंने आग बुझाई। तुरंत ही उसे सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां रविवार को उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने चूल्हे की गर्म राख से आग लगने की आशंका जताई।

बताया कि दो महीने पहले गायत्री ने ऑपरेशन से एक बेटे को जन्म दिया। इसके बाद से उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई। पहले भी वह दो बार आत्महत्या की कोशिश कर चुकी थी। इस वजह से उन्होंने उससे लिखवाकर ले लिया कि अगर उसकी मौत होती है तो वह जिम्मेदार होगी। इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि अब तक उन्हें सूचना नहीं मिली है। तहरीर आती है तो निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button