Bareilly News: प्रसूता की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Tue, 05 Sep 2023 02:28 AM IST
सिरौली। कस्बा के एक नर्सिंग होम में प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। नर्सिंग होम संचालिका पर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सिरौली थाने में तहरीर भी दी गई है।
गुरुवा गांव के घनश्याम ने 27 अगस्त को प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी मीना को गुरुवा तिराहे पर स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। यहां मीना ने बेटी को जन्म दिया। प्रसव के बाद मीना की हालत बिगड़ गई। घनश्याम का आरोप है कि तबीयत खराब होने पर उन्होंने डॉक्टर से रेफर करने को कहा। इसके बाद भी डॉक्टर ने मीना को रेफर नहीं किया। पिछले कई दिनों से वह लगातार ग्लूकोज चढ़ाती रही।
सोमवार को मीना बेसुध हो गई। घबराकर डॉक्टर ने मरीज को बरेली के लिए रेफर कर दिया। इलाज के लिए बरेली ले जाते समय रास्ते में मीना ने दम तोड़ दिया। देर शाम अंतिम संस्कार कराने के बाद परिजन थाने पहुंचे। मामले में इंस्पेक्टर सिरौली राजेश कुमार ने बताया कि परिजनों ने सूचना देने से पहले अंतिम संस्कार कर दिया। इस वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। तहरीर मिली है। मंगलवार को नर्सिंग होम संचालिका को बुलाकर पूछताछ की जाएगी।



