Bareilly News: प्रसूता की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Thu, 07 Sep 2023 01:49 AM IST
शेरगढ़। कस्बा स्थित एक क्लीनिक पर बुधवार को प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। 28 अगस्त को भी इसी क्लीनिक पर थाना शाही के गांव लालपुर निवासी कुंवरपाल मौर्य की पत्नी नेमवती की भी मौत हुई थी। इस मामले में अधिकारियों ने अब तक कार्रवाई नहीं की है।
नूर मोहम्मद गौंटिया के रहने वाले हनीफ खां ने प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी अंजाना बी (35) को क्लीनिक पर भर्ती कराया। देर रात अंजाना ने एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के उनकी हालत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने रेफर करने के लिए कहा था मगर डॉक्टर नहीं माने। कुछ देर बाद अंजाना बी ने दम तोड़ दिया। मौत के बाद अस्पताल का स्टाफ फरार हो गया। परिजनों के हंगामे के बाद पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत किया।
हंगामा कर रहे अंजाना बी के परिजनों ने बताया कि नेमवती की मौत के बाद पुलिस ने यहां सील लगाई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम जब जांच करने पहुंची तो वह सील लगी देखकर लौट गई। सांठगांठ करके डॉक्टरों ने सील तोड़कर यहां मरीजों को भर्ती करना शुरू कर दिया। मामले में थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि हंगामे की सूचना पर मैं मौके पर गया था। परिजनों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 28 अगस्त को पुलिस द्वारा लगाई गई सील हटाने पर उन्होंने कुछ भी बोलने से इन्कार कर दिया। संवाद



