Bareilly News: दबंगों से परेशान परिवार ने दी गांव छोड़ने की धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Thu, 07 Sep 2023 01:50 AM IST
सिरौली। थाना क्षेत्र के एक गांव में दबंगों से परेशान परिवार ने गांव छोड़ने की धमकी दी। पीड़ित परिवार ने दीवार पर यह मकान बिकाऊ है, लिख दिया है। धमकी के बाद हरकत में आई पुलिस ने पीड़ित परिवार समझाकर गांव न छोड़ने के लिए मनाया है।
पीड़ित ने बताया कि वह अनुसूचित जाति का है। करीब एक महीने पहले दूसरे समुदाय का युवक शादीशुदा बेटी को फुसलाकर ले गया था। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने बेटी को खोज लिया मगर आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। वह गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। आए दिन वह समझौते का दबाव बनाते हैं। मना करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
आरोपियों की धमकी की वजह से परिवार डरा हुआ है। कुछ दिन पहले एसएसपी से शिकायत कर परिवार ने सुरक्षा मांगी थी। अब तक पुलिस ने न तो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और न ही सुरक्षा उपलब्ध कराई। आरोपियों की धमकियों के चलते पीड़ित परिवार ने मकान बेचकर गांव छोड़ने का मना बनाया। मामले में थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार से बातचीत की गई है। फिलहाल वह गांव में ही हैं।



