Bareilly News: आंगनबाड़ी केंद्रों पर धांधली को लेकर भड़के सदस्य
बिशारतगंज। मझगवां ब्लॉक मुख्यालय पर बृहस्पतिवार को आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में हंगामे के बीच दो करोड़ के 56 विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों पर धांधली, अलीगंज के किसानों का सम्मान निधि का लाभ न मिलने, गांवों में सफाई व्यवस्था चौपट होने सहित कई अन्य मुद्दे छाए रहे।
बैठक में वरिष्ठ लिपिक दिनेश अग्रवाल ने गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की। अलीगंज के प्रधान शाकिर खान ने अलीगंज के किसानों कि गलत फीडिंग कर किसानों के नाम घुन्सी गांव की सूची में शामिल कर दिए जाने कारण किसानों को सम्मान निधि न मिल पाने का मुद्दा उठाया। एडीओ ने बताया कि गलत फीडिंग के बारे में अधिकारियों को अवगत किया जा चुका है।
बैठक में ग्रामीण पेयजल पर चर्चा होनी थी लेकिन जल निगम से कोई अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचा। अलीगंज के क्षेत्र पंचायत सदस्य नाजिर अली ने और कुन्डरिया फैजुल्लापुर के क्षेत्र पंचायत सदस्य सुखलाल ने साफ-सफाई न होने का मुद्दा उठाया। सदस्यों ने कहा कि कर्मचारी उनकी बातों को तरजीह नहीं देते हैं। ऐसे नजरअंदाज किया एक जैसे वह जनप्रतिनिधि नहीं है। ब्लाॅक प्रमुख यशवंत लोधी ने दोनों सफाई कर्मचारियों से जवाब तलब करने को कहा। खनगवां श्याम श्याम के बीडीसी सदस्य प्रवेश पाठक ने गांव में टीकाकरण कुछ खास लोगों के यहां बैठकर करने, रैबीज वैक्सीन नहीं लगाने, गांवों में बने सब सेंटर पर कर्मचारियों के न बैठने के कारण गांव में लोगों को स्वास्थ सेवाओं का समुचित लाभ न मिल पाने का मामला उठाया।
पोषाहार वितरण की चर्चा शुरू होते ही बैठक में हंगामा शुरू हो गया। गांव गैनी के क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रेम नारायण व उमाशंकर ने आरोप लगाया कि उनके गांव में पिछले चार वर्ष से पोषाहार वितरण नहीं किया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकत्री बरेली स्थित अपनी ससुराल में रहती हैं। सहायिका को चार्ज दे रखा है। सहायिका पोषाहार वितरण नहीं करती है। शिकायत करने पर सीडीपीओ जांच के लिए गांव गए कार्रवाई करने के बजाए बैठाकर समझौता करा दिया। अन्य प्रधानों ने भी बाल विकास परियोजना अधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोपों की झड़ी लगा दी। हंगामा बढ़ने पर ब्लॉक प्रमुख ने लिखित में शिकायत करने को कहा। खंड शिक्षा अधिकारी शीतला श्रीवास्तव के बैठक में न आने पर शिक्षा विभाग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा नहीं हो सकी। ब्लाक प्रमुख ने खंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।



