बरेली

Bareilly News: मायके जाने की जिद कर रही पत्नी की हत्या, खुद भी फंदे से लटका

Connect News 24

सिरौली (बरेली)। थाना क्षेत्र के गांव दलीपुर में मंगलवार दोपहर बाद पति ने खुरपी से गला काटकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फंदे पर लटक गया। बताया जा रहा है कि भाई दूज पर पत्नी मायके जाने की जिद कर रही थी। इसी बीच पति आपा खो बैठा।

दलीपुर निवासी रामेश्वर उर्फ मैकूलाल (26) व उसकी पत्नी सीमा (22) के बीच सुबह से विवाद हो रहा था। इस बीच पति ने खुरपी से गला काटकर सीमा की हत्या कर दी। फिर खुद कमरा बंद करके फंदे से लटक गया। इससे पहले सीमा की चीख सुनकर मैकूलाल का भाई भरत व अन्य पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। दरवाजा पीटने पर भी नहीं खुला तो उन्होंने खिड़की से झांककर देखा। भीतर मैकूलाल फंदे से लटका तड़प रहा था। भाई ने खिड़की तोड़कर उसे फंदे से उतारा। रात आठ बजे जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही मैकूलाल ने दम तोड़ दिया।

एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, एसपी देहात मुकेश मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। अलीगंज थाना क्षेत्र के शेखूपुर खालसा गांव निवासी सीमा के पिता विलासीराम को भी बुलवाया गया। उन्होंने दामाद मैकूलाल पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि मैकूलाल कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। वह दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था, वहीं के एक अस्पताल से उसका इलाज चल रहा था। उसके दो बेटे हैं जो घटना के वक्त बाहर खेल रहे थे। मैकूलाल की मां और दो भाई पास में बने दूसरे घर में रहते हैं। एसपी देहात ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि भैया दूज पर सीमा मायके जाना चाहती थी, इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ था।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button