Rampur News: भीड़ के आगे ध्वस्त हुए परिवहन निगम के दावे
रामपुर। भाईदूज के पर्व पर बहन-भइयों के लिए सुगम सफर का परिवहन निगम का दावा हवाई साबित हो रहा है। बुधवार को भाईदूज के त्योहार के लिए मंगलवार को ही तमाम लोग घरों से निकले तो रोडवेज प्रशासन के इंतजाम फेल हो गए। रोडवेज बसों में जबरदस्त भीड़ रही। घंटों इंतजार के बाद जब बस मिली तो उसमें सीट के लिए मारामारी रही। मंगलवार को दोपहर साढ़े 12 बजे बस अड्डे पर बरेली और दिल्ली की सवारियां पूछताछ घर के चक्कर काट रही थीं। जैसे ही मुरादाबाद की तरफ से बरेली जाने वाली बस आई तो उसमें चढ़ने के लिए आपाधापी मच गई। कुछ लोग चढ़ पाए और कुछ को निराशा हाथ लगी। आधे घंटे तक इंतजार के बाद निजी वैन और कारों को अधिक किराया देकर रवाना हो गए। रोडवेज बस स्टैंड, सिविल लाइन, मालगोदाम तिराहा पर मुसाफिरों की भीड़ रही।
भाईदूज को लेकर रोडवेज की सभी 62 बसों का संचालन कराया गया है। मगर यात्रियों की भीड़ के आगे बसें कम पड़ गईं। अफसरों का दावा था कि भैयादूज पर बिना इंतजार हर घंटे पर बस उपलब्ध होगी। लोकल में शाहबाद, स्वार, टांडा और बिलासपुर की ओर बसें अतिरिक्त फेरे लगाते हुए दौड़ेंगी। मगर मंगलवार को बस के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। बरेली रूट पर 15 बसें भी यात्रियों की भीड़ के आगे कम पड़ गई। रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक दीप चंद जैन ने बताया कि जिस रूट के लिए यात्री अधिक थे, उधर पहले बस भेजी गई हैं। यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखा गया है।
लोकल रूट पर भी बनी रही परेशानी
लोकल के रूट में पटवाई, शाहबाद, सैफनी, स्वार और बिलासपुर की ओर बस पाने के लिए यात्री परेशान हुए। यात्रियों ने गंतव्य तक जाने के लिए प्राइवेट वाहनों का सहारा लिया। मैजिक और टेंपो से लोगों ने सफर किया, जिसमें मनमाना किराया वसूल किया गया। धमोरा और मिलक जाने वालों से 40-50 रुपये तक टेंपो चालकों ने वसूले।
ट्रेनों में भी रही जबरदस्त भीड़
रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से सफर करने वाले लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बरेली, लखनऊ, मेरठ और दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेन प्लेटफार्म पर रुकते ही भीड़ का सैलाब दिखाई दे रहा था। ट्रेनों में छठ पर्व को लेकर भीड़ बढ़ रही है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। कई यात्री ऐसे भी थे जो टिकट लेने के बाद भी बस में नहीं चढ़ पाए।
दो घंटे से बस अड्डे पर बस का इंतजार कर रहा हूं, लेकिन अभी तक बस नहीं आई है। पूछताछ में भी लोग सही से जानकारी नहीें दे रहे हैं। मुझे बरेली जाना है। पता नहीं कब तक बस मिले।
-शिवा, यात्री
दिल्ली जाने के लिए बसें निकल चुकी हैं। अभी पूछताछ काउंटर से जानकारी मिली थी। अब कोई निजी बस निकलेगी तब उससे जाएंगे। बस अड्डे पर सही जानकारी नहीं मिल रही है कि बस कब आएगी।
-रोहित, यात्री

