Bareilly News: महंत पर जानलेवा हमला, थाने में प्रदर्शन
भुता। खजुरिया संपत गांव के एक धर्मस्थल पर रहने वाले महंत ने पेड़ से अमरुद तोड़ने से मना किया तो दूसरे समुदाय के तीन युवकों ने उनपर जानलेवा हमला कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने युवकों को पकड़ लिया। कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर तीनों को छुड़वा दिया। इसके बाद आरोपी महंत को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
सूचना पर गांव के कई और लोग भी पहुंच गए। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर ग्रामीण भुता थाने पहुंचे। आरोप है कि थानाध्यक्ष ने रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। इस पर ग्रामीण प्रदर्शन करने लगे। एसएसपी से शिकायत की गई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मल्लपुर निवासी शानू, इरशाद और शोएब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
भदोही के गांव मिसरपुर निवासी योगी सरोज नाथ ने बताया कि वह खुजरिया संपत गांव में मढ़ी बनाकर रहते हैं। रविवार को दोपहर करीब 11 बजे आरोपी परिसर में लगे पेड़ से अमरुद तोड़ रहे थे। अमरुद कच्चे होने की बात कह कर उन्होंने ऐसा करने से मना किया। इस पर आरोपियों ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जानलेवा हमला कर दिया।
आसपास के खेतों में मौजूद लोगों ने उन्हें बचाया। ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर तीनों को छुड़वा दिया। छूटने के बाद आरोपी मढ़ी में आग लगाने और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के विरोध में नरेंद्र शर्मा, मुरारी लाल शर्मा, रामपाल शर्मा, राजेंद्र शर्मा, सुनील शर्मा, सचिन शर्मा समेत दर्जनों ग्रामीण थाने पहुंच गए। तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
वर्जन:
महंत की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। – गौरव सिंह, सीओ फरीदपुर



