Bareilly News: खैलम में रोका कांवड़ियों का रास्ता, लगाया जाम
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Mon, 31 Jul 2023 02:02 AM IST
अलीगंज (बरेली)। थाना क्षेत्र के गांव खैलम में दूसरे समुदाय के लोगों ने कछला से गंगाजल लेकर आ रहे कांवड़ियों का रास्ता रोक दिया। इससे आक्रोशित कांवड़ियों ने जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम आंवला गोविंद मौर्य, सीओ डॉ. दीपशिखा समेत अन्य अधिकारी भी गांव पहुंच गए। प्रदर्शन कर रहे कांवड़ियों को समझाकर शांत किया गया। देर रात कांवड़ियों को आगे भेजा गया।
कमालपुर और खैलम गांव के कांवड़िये गंगाजल लेने के लिए कछला गए थे। रविवार देर रात वह गांव लौट रहे थे। जैसे ही कांवड़िये गांव के बाहर स्थित शराब भट्ठी के पास पहुंचे यहां मौजूद दूसरे समुदाय के लोगों ने नई परंपरा बताकर कांवड़ियों का रास्ता रोक दिया। गुस्साए कांवड़िये सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। गांव के लोग भी जुट गए। इससे वहां लंबा जाम लग गया।
सूचना पर इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र सिंह फोर्स के साथ गांव पहुंचे। संवेदनशील गांव होने की वजह से यहां पहले से पीएसी बल भी तैनात था। तुरंत ही पीएसी के जवान भी हंगामा वाली जगह पर पहुंच गए। हंगामा बढ़ने पर इंस्पेक्टर ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी। थोड़ी ही देर में एसडीएम और सीओ भी पहुंच गईं। कांवड़ियों का कहना था कि वह हर साल इसी मार्ग से निकलते हैं। दूसरे समुदाय के लोग जानबूझकर नई परंपरा बताकर विवाद खड़ा कर रहे हैं। दोनों अधिकारियों ने कांवड़ियों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद सुरक्षा के बीच कांवड़ियों को गांव से निकाला गया।



