Bareilly News: संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की मौत
शेरगढ़। थाना क्षेत्र के गांव रम्पुरा में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। तहरीर पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर पति को हिरासत में लिया है।
मीरगंज के गांव लभेड़ा दुर्गा प्रसाद निवासी राम औतार ने बताया कि 23 अप्रैल को उन्होंने अपनी बहन विद्या की शादी शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रम्पुरा निवासी जोगिंदर के साथ की थी। उन्होंने बताया कि शादी के समय खूब दान-दहेज भी दिया था। इसके बाद भी ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। बहन के ऊपर मायके से दहेज लाने का दबाव बनाया जाता।
असमर्थता जताने पर उसे प्रताड़ित किया जाता। इस वजह से विद्या परेशान थी। एक अगस्त को ही वह मायके आई थी। प्रताड़ना की वजह से वह ससुराल नहीं जाना चाहती थी। रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने शनिवार को शाम के समय बहन को विदा किया। देर रात सूचना मिली कि बहन की मौत हो गई है। जब वह रम्पुरा पहुंचे तो शव बेड पर पड़ा था।
पूछताछ करने पर बहनोई समेत अन्य लोग गुमराह करने लगे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। गांव पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को राम औतार ने थाने पहुंच कर तहरीर दी। पुलिस ने पति जोगिंदर, उसके भाई वीरेंद्र, राजू, धर्मेंद्र, राजेंद्र के साथ भाभी अनीता, किरण, ममता, वीरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। विवाहिता के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है। – डॉ. तेजवीर सिंह, सीओ बहेड़ी



