Bareilly News: तीन लाइनमैन के भरोसे 38 गांव की बिजली
अलीगंज। क्षेत्र में आए दिन बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या है। इससे निजात दिलाने के लिए अलीगंज विद्युत उपकेंद्र में आईं मशीनें पहले से ही खस्ताहाल हैं। यहां नई मशीनों की जगह पुरानी मशीनों को लगाया जा रहा है। परेशान लोगों ने कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह और एसडीओ को प्रार्थना पत्र सौंपा है।
अलीगंज उपकेंद्र से सात फीडर जुड़े हैं। यहां से लगभग 84 गांवों को बिजली की आपूर्ति की जाती है। इसमें से सिर्फ पिपरिया फीडर से ही लगभग 38 गांव जुड़े हुए हैं। इतने गांवों की बिजली व्यवस्था के लिए सिर्फ तीन लाइनमैन तैनात हैं।
अलीगंज उपकेंद्र से लेकर सिरौली तक काफी लंबी लाइन है। इसके कारण आए दिन लाइन में फाल्ट होते रहते हैं और लोगों को सुचारु रूप से बिजली नहीं मिल पाती। लोगों की मांग है कि अलीगंज और सिरौली के बीच में स्थित राजपुरकलां में उपकेंद्र बना दिया जाए तो समस्या से निजात मिल सकती है।
पिपरिया फीडर पर लाइनमैनों की संख्या को बढ़ाया जाए। मंत्री प्रार्थना पत्र देने वालों में मोहित पोरवाल, जीतू सक्सेना, मयंक वर्मा, निशांत शर्मा, प्रद्युम्न दीक्षित आदि लोग मौजूद रहे।
सिरौली से अलीगंज की लाइन से जोड़ने का विरोध
सिरौली। सिरौली की 33 केवी लाइन से अलीगंज की लाइन जुड़बाकर दी गई है। इसको लेकर सिरौली के लोगों में नाराजगी है।
उनका कहना है कि लाइन जुड़ने से ओवरलोड होने के कारण सिरौली की लाइन ब्रेकडाउन हो रही है। बिजली स्टाफ ने बताया कि अलीगंज की जर्जर लाइन में कमी आती है, तब अलीगंज के साथ सिरौली की लाइन भी आंवला से बंद कर दी जाती है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अर्पित गुप्ता, संरक्षण डॉक्टर छोटेलाल गुप्ता, उपाध्यक्ष अफजाल हुसैन, इकबाल हुसैन, युवजन वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष आलम खान, राजकुमार गुप्ता, विदित गुप्ता, सोनू रस्तोगी, भग्गू भारद्वाज आदि ने सिरौली की लाइन को स्वतंत्र करने की मांग की है। ऐसा नही होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है। संवाद
पांच घंटे भी नहीं मिल रही बिजली
बिशारतगंज। अलीगंज सब स्टेशन से जुड़े गांवों के ग्रामीणों को 5 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से लोग परेशान हैं।
गांव जैतपुर शरीफपुर निवासी प्रदीप कुमार गोले, करामत अली, अशोक कुमार, योगेश कुमार, इमरान खान, इरशाद आदि ने बताया कि लाइन में रोजाना खराबी आ जाती है। शटडाउन की वजह से दिन में कई घंटे बिजली गुल रहती है। अलीगंज विद्युत सबस्टेशन पर तैनात अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी न लाइन दुरूस्त कराई गई न ट्रांसफार्मर बदलवाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि वह सांसद से मिलकर शिकायत करेंगे। संवाद



