Bareilly News: जमीन की रंजिश में डंडा मारकर भतीजी की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Tue, 26 Sep 2023 01:54 AM IST
बहेड़ी। गांव अलीगंज बमिहा में सोमवार सुबह 11 बजे जमीन की रंजिश में चाचा ने भतीजी के सिर पर डंडा मारकर हत्या कर दी। इसके बाद हत्यारोपी घर पर ताला लगाकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विद्या देवी ने बताया कि पति अशर्फी लाल ने दो साल पहले अपने भाई मोहनलाल और ताराचंद से रहने के लिए जमीन खरीदी थी। इसके रुपये किस्तों में चुकाए थे। तीन महीने पहले ही जमीन का बैनामा कराया था। इसी के बाद से तीसरे और चौथे नंबर का भाई उनसे रंजिश मानने लगा था। वह उनकी जमीन को हथियाना चाहता था। इसके लिए वह दोनों आए दिन घर में झगड़ा करते रहते थे।
विद्या देवी ने बताया कि सोमवार सुबह वह घर में परचून की दुकान पर बैठी थी। बेटी सुनीता (19) किसी काम से ऊपर की मंजिल से उतरकर नीचे आई। इसी बीच तीसरे नंबर के देवर ने उनके साथ मारपीट करते हंगामा करना शुरू कर दिया। सुनीता बीच-बचाव करने के आई। इस पर देवर ने सुनीता के सिर पर पीछे से डंडे से प्रहार कर दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद परिजन सुनीता को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। इधर, आरोपी अपने घर पर ताला लगाकर फरार हो गए। विद्या देवी ने अपने तीसरे और चौथे नंबर के देवर और देवरानी पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। विद्या देवी ने बताया कि सुनीता घर में सबसे बड़ी थी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। थाना इंस्पेक्टर श्रवण कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



