बरेली

Bareilly News: छात्रा मौत पर नहीं तय हुई किसी की जिम्मेदारी

Connect News 24

बरेली। छात्रा की मौत के तीन दिन बाद भी किसी अभियंता और कर्मचारी की जिम्मेदारी तय नहीं की गई, जबकि अधीक्षण अभियंता से लेकर मुख्य अभियंता तक घटनास्थल का कर चुके हैं।

किला पुलिस चौकी के पास रखे ट्रांसफार्मर की लीड का इंसुलेशन खराब होने से बारिश के दौरान करंट लीक हो गया था। मठ लक्ष्मीपुर निवासी हाईस्कूल की छात्रा लक्ष्मी 7 जुलाई को इसी ट्रांसफार्मर के जाल में उतरे करंट की चपेट में आ गई थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

बारिश से पहले यदि ट्रांसफार्मर की खराब लीड को बदल दिया गया होता तो छात्रा की जान बच सकती थी। मुख्य अभियंता राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मैंने घटनास्थल को देखा, बैरिकेडिंग ठीक है। नाले चोक होने से वहां जलभराव हुआ था। इसी दौरान करंट लीक होने से हादसा हो गया। आगे कोई हादसा न होने पाए, इसके लिए निर्देश जारी किए हैं।

तीन वर्ष से न लीड बदली गई, न पुराने तार

अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल ने बताया कि तीन वर्ष में लोड बहुत बढ़ा है पर सीमित संसाधनों की वजह से सिस्टम को दुरुस्त नहीं किया गया। न ही उन लीडों को बदला जा सका है, जिनमें इंसुलेशन कम हो सकता है। वर्ष 2020-21 व 2021-22 कोरोना में बीत गए। कोई काम नहीं हो सका। वर्ष 2022-23 में बिजली की खपत बढ़ी तो भी जरूरत के मुताबिक संसाधन नहीं मिल सके। अब रीवैम्प योजना के तहत सुधार कराया जाएगा। उन्होंने बारिश के दौरान लोगों से खंभों व ट्रांसफार्मरों से दूर रहने का आग्रह किया है।

छात्रा के परिजनों को पांच लाख रुपये

विद्युत सुरक्षा निदेशालय हादसे के कारणों की जांच करेगा। प्राथमिक जांच में स्पष्ट हो चुका है कि करंट लगने से छात्रा की मौत हुई है। इसलिए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता ने छात्रा के परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दिए जाने की प्रक्रिया पूरी कराई है। दो दिन में रुपये छात्रा के परिजनों के खाते में पहुंच जाएंगे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button