Bareilly News: अर्बन हाट के निर्माण में देरी पर कार्यदायी संस्था को नोटिस
बरेली। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत अर्बन हाट एवं हैंडीक्राफ्ट सेंटर का निर्माण 30 अक्तूबर तक पूरा होना है। काम की सुस्ती को देखते हुए इसमें देरी होने की आशंका है। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने कार्यदायी संस्था आरपीपी इंफ्रा को नोटिस जारी कर तय समय में काम पूरा न होने पर जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है।
170.91 करोड़ रुपये की लागत से सात सितंबर 2021 को अर्बन हाट व हैंडीक्राफ्ट सेंटर का निर्माण शुरू हुआ था। अब तक 84 फीसदी काम हो चुका है। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के जनरल मैनेजर अभिनेष गंगवार ने अभियंताओं की टीम के साथ शुक्रवार को अर्बन हाट स्थल का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था के अधिकारी अनुराग नारायण पाठक भी मौजूद रहे। जनरल मैनेजर ने हर हाल में तय समय सीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
कोट
निर्माण कार्य में लगी एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि वे अनुबंध की शर्तों का पालन करें। तय समयावधि में गुणवत्ता के साथ काम कराएं। अगर देरी होती है तो जुर्माना लगेगा। कार्यदायी संस्था को ब्लैक लिस्ट भी किया जा सकता है। -निधि गुप्ता वत्स, नगर आयुक्त
शर्मा कंस्ट्रक्शन पर पांच लाख रुपये जुर्माना
बरेली। फैंसी लाइट, फुटपाथ निर्माण व पौधे लगाने वाली कार्यदायी संस्था शर्मा कंस्ट्रक्शन पर घटिया निर्माण करने पर नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। निरीक्षण के दौरान काम में खामियां मिलीं। कुछ स्थानों पर पौधे लगाने के दौरान स्ट्रक्चर का प्लास्टर व टाइल्स उखड़ गई थीं। इसको देखने के बाद कार्रवाई की गई। ब्यूरो



