Bareilly News: नाइजीरिया में भी पढ़ सकेंगे रुहेलखंड विवि के विद्यार्थी
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा मुहैया कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को नाइजीरिया फिलोमथ विश्वविद्यालय के साथ करार किया। दोनों विश्वविद्यालय एक-दूसरे से कोर्स स्ट्रक्चर साझा कर सकेंगे। साथ ही भविष्य में यहां के विद्यार्थी नाइजीरियन विश्वविद्यालय में भी पढ़ने जा सकेंगे। इसके लिए उन्हें वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी।
शुक्रवार को कुलपति कार्यालय स्थित समिति कक्ष में रुहेलखंड विश्वविद्यालय और फिलोमथ यूनिवर्सिटी नाइजीरिया के बीच एकेडमिक कार्यों को बढ़ाकर शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने बताया कि दोनों ही विश्वविद्यालय मिलकर डुअल डिग्री प्रोग्राम चला सकेंगे। साथ ही कोर्स स्ट्रक्चर को एक-दूसरे से साझा कर ज्वॉइंट डिग्री प्रोग्राम भी चला सकेंगे।
शोध के लिए मिलेगी वित्तीय सहायता
रुहेलखंड विवि अपने शिक्षकों को शोध कार्य के लिए विदेश के विश्वविद्यालयों में जाने और विदेश के विश्वविद्यालयों से यहां शिक्षकों को आने के लिए प्रेरित करेगा। इसके लिए जरूरी वित्तीय सहायता भी मिलेगी ताकि दोनों विश्वविद्यालय के शिक्षक व विद्यार्थी लाभान्वित हो सकें। बीते दिनो मैंडेरिन भाषा कोर्स शुरू करने के साथ ही जल्द नाइजीरियन भाषा के कोर्स को संचालित करने की योजना पर मंथन हुआ।
यह रहे मौजूद
अंतरराष्ट्रीय संबंधों के निदेशालय के निदेशक प्रो. सरबजीत सिंह बेदी, नाइजीरिया से ऑनलाइन उपस्थित प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष प्रो. ग्लिच (वाइस चांसलर) फिलोमथ यूनिवर्सिटी नाइजीरिया, प्रो. सेठ डीन प्रबंधन संकाय, डॉ. मेरी विभागाध्यक्ष, फैकल्टी अफसर डॉ. लतीफा, एडिशनल डायरेक्टर प्रो. भोला खान, असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. अतुल कटियार, डॉ. मिनाक्षी द्विवेदी, डीन अकेडमिक प्रो. एसके पांडेय अन्य मौजूद रहे।



