Bareilly News: नाम सेवा कक्ष पर बैठने का भी इंतजाम नहीं
बरेली। बिजली निगम के उपभोक्ता सेवा कक्ष की हालत खस्ता है। यहां उपभोक्ताओं के बैठने के लिए एक अदद बेंच का भी इंतजाम नहीं है। न तो यहां लगे पंखे चलते हैं, न ही पेयजल का इंतजाम है। अमर उजाला की टीम ने शुक्रवार को इसकी पड़ताल की तो पता चला कि अफसरों और बाबुओं लिए तो सुविधाएं हैं पर उपभोक्ता गर्मी में पसीना बहा रहे हैं।
उपभोक्ता सेवा कक्ष में भरा है कबाड़
स्थान: रामपुर गार्डन
समय 12:05 बजे
विद्युत वितरण खंड द्वितीय के उपभोक्ता सेवा कक्ष में टूटी कुर्सियां और कबाड़ भरा मिला। कक्ष के अंदर मकड़जाल है। पेयजल का कोई इंतजाम नहीं मिला। बैठने के लिए बेंच तक नहीं है। कई बार बिल जमा करने आने वाले लोग थककर जमीन पर ही बैठ जाते हैं।
बाबू एसी में, बाहर झुलस रहे थे उपभोक्तास्थान: रामपुर गार्डन
समय 12:20 बजे
विद्युत वितरण खंड तृतीय के कैश काउंटर के बराबर में ही एक लिपिक का दफ्तर है। बाबू जी दफ्तर के अंदर एसी की हवा लेते मिले। बाहर बिल जमा करने के लिए कतार में खड़े उपभोक्ताओं की ओर एसी की गर्म हवा निकलती है। उपभोक्ता गर्मी में झुलसते हैं पर अफसरों को यह नहीं दिखता।
कैश कांउटर के बाहर बाइक खड़ी करते हैं कर्मचारी
स्थान : रामपुर गार्डन
समय 12:30 बजे
विद्युत वितरण खंड द्वितीय के कैश काउंटर के बाहर कर्मचारी अपनी बाइक पार्क करते हैं। यहां के टिन शेड में लगा पंखा भी नहीं चलता। जैसी ही अमर उजाला की टीम ने फोटो खींचा, कुछ ही देर में बाइकें वहां हटा दी गईं।
वाटर कूलर भी खराब
समय 3:20 बजे
स्थान: मुख्य अभियंता कार्यालय
सेवा कक्ष बंद था। बाहर लगा वाटर कूलर खराब था। बिल जमा करने पहुंचे उपभोक्ता प्यास लगने पर पानी की तलाश में इधर-उधर भटक रहे थे। कुछ ने परिसर में लगे हैंडपंप का सहारा लिया।
सीधे मुंह बात तक नहीं करते अफसर
प्रवेश द्वार पर अतिथि देवो भव का फ्लैक्सी तो लगा दिया है पर अफसर सीधे मुंह बात तक नहीं करते। मैंने आज यही अनुभव किया। – सरकार अहमद, लीची बाग
सिविल लाइंस में भले ही बैठने का इंतजाम नहीं है पर पक्का भवन होने से तपन से राहत मिलती है। शाहदाना में टिन शेड काफी तपता है। – रोहित उपाध्याय, कटरा चांद खां
कोट
उपभोक्ताओं की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाता है। अगर कहीं दिक्कत है तो संबंधित अधिशासी अभियंता उसे देखेंगे। मैं उन्हें पत्र लिखूंगा, क्योंकि उपभोक्ता हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। – राजीव कुमार शर्मा, मुख्य अभियंता



