बरेली

Bareilly News: तालाबंदी समाप्त कराने पहुंचे अफसर, मांगों पर अड़े कर्मचारी

Connect News 24

बरेली। बरेली कॉलेज में मांगों के समर्थन में अस्थायी कर्मचारियों की तालाबंदी शुक्रवार को भी जारी रही। प्रशासनिक भवन और पुस्तकालय में ताला बंद कर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को मनाने का प्रयास कॉलेज प्रशासन ने किया पर असफल रहे। अपर नगर मजिस्ट्रेट भी तीन घंटे तक कर्मचारियों को समझाते रहे पर वे तत्काल मांग पूरी करने पर अड़े रहे।

तालाबंदी के दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह से ही कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार और धरना प्रदर्शन जारी रहा। प्रशासनिक भवन में तालाबंदी से जरूरी कार्य बाधित रहे। प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया पर असफल रहे।

एसीएम प्रथम नहने राम मौके पर पहुंचे। उन्होंने परीक्षा संपन्न होने के बाद मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया पर कर्मचारियों ने उनकी भी एक न सुनी। मामला बढ़ता देख बारादरी पुलिस भी बुला ली गई। दोपहर दो से शाम पांच बजे तक क्रमवार बैठकें जारी रहीं पर नतीजा सिफर रहा।

प्राचार्य बोले- ताला न खुला तो हो सकती है र्कारवाई

कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा के मुताबिक जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तालाबंदी जारी रहेगी। इस पर प्राचार्य का कहना था कि उन्हें कार्रवाई के लिए पत्र मिल चुका है। कर्मचारियों ने प्रबंध समिति को कालातीत बताते हुए कॉलेज समिति अध्यक्ष जिलाधिकारी द्वारा मांगों के समर्थन में निर्णय लिए जाने की बात कही। उन्होंने सचिव पर कर्मचारियों के शोषण, मनमाने निर्णय लिए जाने का आरोप लगाया है।

आर-पार की लड़ाई के मूड में कर्मचारी

कर्मचारी नेता एवं संगठन सचिव हरीश मौर्य ने अबकी बार आर-पार की लड़ाई की बात कही। इसके लिए लाठी भी बर्दाश्त करने को तैयार हैं। इस दौरान सुनील कुमार, राम संजीव यादव, तारा सिंह, अहमद, दीपक, संजीव पटेल, मुकेश यादव, दिनेश कुमार, गंगा सिंह, गंगा प्रसाद, ओमकार, शरद कृष्ण, ज्ञान पाल, सुरेश आदि कर्मचारी मौजूद रहे।

मुख्य परीक्षा कराने के लिए सहयोग की अपील

रुहेलखंड विवि से संबद्ध कॉलेजों में शनिवार से मुख्य परीक्षाएं शुरू होंगी। कॉलेज में सैकड़ों विद्यार्थी दो पालियों में परीक्षा देंगे। कर्मचारियों के धरना-प्रदर्शन के मद्देनजर प्राचार्य ने परीक्षा कराने में सभी शिक्षकों से सहयोग की अपील की है। संभव है कर्मचारियों का कार्य भी शिक्षकों को करना पड़े।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button