बरेली

Bareilly News: संदिग्ध हालात में बुजुर्ग की मौत, हत्या का आरोप

Connect News 24

फरीदपुर। मोहल्ला लाइनपार मठिया निवासी राममूर्ति कश्यप (75) की रविवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनकी बेटी ने अपने भाई और उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस को शरीर पर कहीं चोट का निशान नहीं मिला है। शव के पास खून बिखरा हुआ था। ब्रेन हेमरेज से मौत की आशंका जताई जा रही है। फोरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वॉड ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।

राममूर्ति कश्यप ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से उनकी दो बेटियां हैं। दूसरी पत्नी का उसके पहले पति से एक बेटा है। शादी के बाद उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया। कुछ समय बाद उनकी मौत हो गई। मां की मौत के बाद राममूर्ति का सौतेला बेटा मोहल्ले में ही अलग मकान बनवाकर रहने लगा। राममूर्ति तीनों बेटियों की शादी कर चुके थे।

बेटी मुन्नी की शादी उन्होंने फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव बिलौआ निवासी वीरपाल के साथ की थी। बेटी मुन्नी व दामाद वीरपाल ही राममूर्ति की देखरेख करते थे। मुन्नी ने बताया कि पिता ने आठ महीने पहले मकान उसके नाम कर दिया था। इस वजह से उसका भाई नाराज रहने लगा। आरोप है कि इसी रंजिश में उसने रविवार को पिता की हत्या कर दी। वारदात के बाद से आरोपी और उसकी पत्नी फरार हैं।

शुरुआत में ईंट से सिर कुचलकर हत्या करने की बात कही गई मगर शव पर चोट के निशान नहीं मिले। हालांकि, शव खून से लथपथ था। ब्रेन हेमरेज से मौत की आशंका जताई जा रही है। फरीदपुर इंस्पेक्टर रामसेवक ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। जरूरी हुआ तो आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

वर्जन: बेटी ने हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी है। जबकि मौके पर हत्या जैसी स्थिति नहीं मिली। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। – घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button