Bareilly News: शाही में एक और महिला की हत्या… गला घोंटकर गन्ने के खेत में फेंका शव
मीरगंज (बरेली)। शाही थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक और महिला की हत्या कर दी गई। आनंदपुर गांव निवासी प्रेमवती (55) का गला घोंटकर शव गन्ने के खेत में फेंक दिया गया। वह घास काटने गई थीं। शुक्रवार सुबह उनका शव मिला। गले में साड़ी का फंदा कसा था। जेवर गायब थे। परिवार ने भट्ठा संचालक पर हत्या का शक जताया है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। बीती 17 जून को कुल्छा गांव की धानवती का सड़ा-गला शव गन्ने के खेत में ही मिला था।
बेटे रामनरेश ने बताया कि मां प्रेमवती रोज की तरह जानवरों के लिए घास लेने खेत पर गई थीं। एक बार वह घास का गट्ठर घर पर डाल आई थीं। दोबारा हंसिया और चुनरी लेकर खेत की ओर निकलीं तो रात तक नहीं लौटीं। सभी ने उनको रात दस बजे तक तलाश किया। पता न लगने पर वह थाना शाही गए। मां के गायब होने की तहरीर दी। पुलिस रात में ही गांव पहुंची और जानकारी कर लौट गई।
शुक्रवार सुबह चार बजे से घरवाले और ग्रामीणों ने फिर खोजबीन शुरू की। करीब दो घंटे बाद ग्राम प्रधान चरन सिंह के गन्ने के खेत में शव पड़ा मिला तो सनसनी फैल गई। सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। शाही थाना पुलिस ने छानबीन शुरू की। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। एसओजी की भी एक टीम पहुंची। दोपहर बाद एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने भी मुआयना किया।
हत्या कहीं और करके शव यहां फेंके जाने की आशंका है। महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। बेटे ने 15 दिन पहले भट्ठा संचालक से विवाद की बात कही है। हत्या का शक जताया है पर तहरीर नहीं दी है। आरोपियों का पता लगाने के लिए टीमें लगाई गई हैं।
प्रभाकर चौधरी, एसएसपी



