Bareilly News: जयकारों से गूंजे पंडाल, विराजे शिव के लाल
बरेली। गणेश चतुर्थी पर शहर में चारों तरफ उत्सव और उल्लास का माहौल रहा। गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच विभिन्न पंडालों व घरों में गणपति की स्थापना की गई। पूजन के बाद आरती हुई। आलमगिरीगंज स्थित बाबूराम धर्मशाला में अनिल पाटिल, दरगईया गली बिहारीपुर स्थित शिव शक्ति दुर्गा जी धाम मंदिर में विकास मेहरोत्रा, शाहबाद दीवानखाना स्थित विभूतिनाथ मंदिर में अरुण वर्मा, कटरा मानराय स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के सामने प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, बड़ी बमनपुरी स्थित रामलीला भवन में मनोज रस्तोगी व सचिन रस्तोगी की अगुवाई में मूर्ति स्थापना की गई।
सौदारान स्थित जवाहर चौक, कन्हैया टोला, कूंचा सीताराम सहित शहर के 200 स्थानों पर भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना की गई। शिव-शक्ति दुर्गा जी धाम मंदिर में मूर्ति वितरण के बाद पंडाल में अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ हुआ। बुधवार से हर पंडाल में विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।



