Bareilly News: दिवाली से दो माह पहले ही ट्रेनें फुल, पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाएगा रेलवे
बरेली। दिवाली और छठ पूजा दो माह पहले ही पूर्वांचल, बिहार, दिल्ली, चंडीगढ़ व जालंधर जाने वाली ट्रेनें फुल हो चुकी हैं। कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। कई ट्रेनों में वेटिंग 200 के पार पहुंच गई है। वेटिंग लिस्ट लंबी होने के बाद भी लोग टिकट बुक करा रहे हैं। यात्रियों की सहूलियत के लिए रेलवे ने त्योहार स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इनमें से पांच जोड़ी ट्रेनें बरेली होकर गुजरेंगी। हालांकि, अभी इनका शेड्यूल जारी नहीं किया गया है।
इस बार दिवाली 12 नवंबर को है। इसके ठीक बाद छठ पूजा है। यात्रा के लिए लोग अभी से ट्रेनों में रिजर्वेशन करा रहे हैं। ज्यादातर अप-डाउन ट्रेनों में नौ से 25 नवंबर तक कंफर्म टिकट नहीं मिल रहे।
15529/15530 सहरसा-आनंद विहार एक्सप्रेस, 15621/15622 कामाख्या-आनंद विहार एक्सप्रेस, 12492/12491 जम्मूतवी-बरौनी एक्सप्रेस, 14673 शहीद एक्सप्रेस, 12358 दुर्गियाना एक्सप्रेस, 13005 अमृतसर मेल, 12317 अकालतख्त एक्सप्रेस, 15079 अमरनाथ एक्सप्रेस, 15651 लोहित एक्सप्रेस, 15127 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, 14207 पद्मावत एक्सप्रेस में आरक्षित टिकटों के लिए ज्यादा मारामारी है। स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 200 तक पहुंच गई है। एसी श्रेणी में भी वेटिंग लिस्ट लंबी हो रही है।
अक्तूबर के पहले और दूसरे सप्ताह में आठ ट्रेनें निरस्त रहेंगी। वाराणसी जंक्शन पर रिमॉडलिंग व अन्य कार्यों के बीच मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इसकी वजह से 12353 हावड़ा-लालकुआं एक्सप्रेस छह और 13 अक्तूबर, 12354 लालकुआं-हावड़ा एक्सप्रेस सात और 14 अक्तूबर को निरस्त रहेगी। 15119/15120 बनारस-देहरादून-बनारस एक्सप्रेस, 15127/15128 बनारस-नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस एक से सात अक्तूबर तक निरस्त रहेंगी। 22541/22542 बनारस-आनंद विहार-बनारस एक्सप्रेस को एक से पांच अक्तूबर तक निरस्त किया गया है।
दिवाली से पहले इज्जतनगर रेल मंडल की ओर से दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने की तैयारी में है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा गया है। लंबी दूरी की ये ट्रेनें बरेली होते हुए गोरखपुर और मथुरा, आगरा की ओर जाएंगी। इज्जतनगर मंडल के पास एक जोड़ी रैक तैयार है।
त्योहार के दौरान यात्रियों की सहूलियत के लिए 10-12 जोड़ी त्योहार स्पेशल ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव है। इनमें बरेली होते हुए पूर्वांचल और बिहार की ओर जाने वाली पांच जोड़ी ट्रेनें भी शामिल हैं। – सुधीर सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक



