Bareilly News: टिकट और ट्रेनों की जानकारी लेने के लिए भटकते रहे यात्री
बरेली। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म काॅर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट ठप होने से रेलवे के अधिकृत मोबाइल एप ने भी काम करना बंद कर दिया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। ऑनलाइन टिकट बुकिंग ठप होने से जंक्शन तक की दौड़ लगानी पड़ी। यात्रियों को ट्रेनों के संचालन के संबंध में जानकारी के लिए भटकना पड़ा।
मंगलवार सुबह से ही ट्रेनों के संबंध में जानकारी लेने और टिकट बुक कराने के लिए यात्रियों का जंक्शन पहुंचना शुरू हो गया। टिकट काउंटर पर काफी भीड़ रही। समस्या को देखते हुए डीआरएम आरके सिंह ने सभी बड़े स्टेशनों पर अतिरिक्त आरक्षण और टिकट काउंटर खोलने के निर्देश दिए। जंक्शन के टिकट बुकिंग स्टाफ की छुट्टियों को भी अगले आदेश तक निरस्त कर दिया गया। काउंटरों पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है।
इधर, दिल्ली रूट की ट्रेनें मंगलवार को भी प्रभावित रहीं। सोमवार को इस रूट की ट्रेनों को वाया साहिबाबाद, गाजियाबाद होते हुए चलाया गया था। मंगलवार को यमुना पुल पर स्थिति सामान्य होने के बाद कुछ ट्रेनों को निर्धारित रूट से चलाया गया।
बेटिकट यात्रा के लिए मजबूर हुए यात्री
वेबसाइट ठप होने पर टिकट के लिए यात्रियों को काउंटर पर लाइन लगानी पड़ी। समय पर टिकट न मिलने के कारण काफी संख्या में यात्रियों को बेटिकट यात्रा के लिए मजबूर होना पड़ा। सही जानकारी नहीं मिलने के कारण काफी यात्रियों की ट्रेन छूट भी गई। टिकटों के रिफंड भी नहीं हो सके। अतिरिक्त स्टाफ लगाने के बाद भी मंगलवार देर शाम तक सेवाएं सामान्य नहीं हो सकीं।
टाल दी यात्रा
एक घंटे लाइन में लगने के बाद भी टिकट नहीं मिल सका। ऑनलाइन सेवाएं ठप हैं। टिकट न मिलने के कारण यात्रा टाल दी है। रेलवे को ऐसे हालात में वैकल्पिक व्यवस्था करनी थी। – सुनील कुमार सिंह
ट्रेनें अक्सर प्रभावित रहती हैं। एप पर भी ट्रेनों के संबंध में जानकारी नहीं मिल रही। व्यावसायिक काम के सिलसिले में चंदौसी जाना था। काफी देर लाइन में लगा रहा, लेकिन टिकट नहीं मिला। – गौतम पाल



