Bareilly News: हथियार लेकर आए लोगों ने निर्माणाधीन दीवार गिराई
शीशगढ़। हथियारबंद दर्जनभर लोग कई गाड़ियों से पहुंचे और निर्माणाधीन दीवार गिरा दी। विरोध किया तो ये लोग झगड़ने लगे। एक युवक से बंदूक छीनकर उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दो लोगों का शांति भंग में चालान कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव जाफरपुर निवासी तौफीक ने बताया कि 2004 में उन्होंने कुछ जमीन गांव के ही सौदान सिंह से डेढ़ लाख रुपये में खरीदी थी। पिछले 19 साल से उस पर उनका कब्जे में है, जिसमें धर्म कांटा भी बना है। विक्रेता सौदान सिंह की मौत के बाद उनके पुत्र अमरजीत सिंह ने इस जमीन को शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया निवासी तेजपाल गंगवार के नाम करा दिया है।
धर्मकांटे के पीछे खाली पड़ी जमीन में तौफीक निर्माण कार्य करा रहे थे। शनिवार को तेजपाल गंगवार कई गाड़ियां लेकर दर्जनभर हथियारबंद लोगों के साथ धर्मकांटे पर आया। आरोप है कि उसने वहां बन रही दीवार को गिरा दिया। दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया और शोर-शराबा होने पर ग्रामीण इकट्ठे हो गए। कुछ लोग भाग गए। ग्रामीणों ने एक युवक से बंदूक छीनकर पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस ने दो लोगों को थाने ले गई और दोनों पक्षों के लोगों का शांति भंग में चालान कर दिया। बताया कि आरोपियों के पास अवैध हथियार थे। उन्होंने महिलाओं के साथ भी अभद्रता की।
शीशगढ़ थाने के इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली है। असलहा लाइसेंसी थे, इसलिए उन्हें जमा करा लिया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



