Bareilly News: दूसरे समुदाय के लोगों ने किया पथराव, तीन घायल
आंवला। महमूदपुर गांव में इबादतगाह के बाहर रखी ईंटो को लेकर दूसरे समुदाय के लोगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पत्थर भी फेंके गए। पथराव में तीन लोग घायल हो गए। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर देर शाम हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोग थाने पहुंच गए। हंगामे के बाद पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। तनाव को देखते हुए गांव में पीएसी बल की तैनाती की गई है।
थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर में सड़क निर्माण के लिए आई ईंटे मकानों के सामने रखी हुई हैं। एक पक्ष के नेमपाल का आरोप है कि सुबह दस बजे एक इबादतगाह के बाहर रखी ईंटे चोरी करने का आरोप लगाकर दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति ने मां से गाली गलौज की। मौके पर जुटे लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि दोपहर करीब दो बजे बड़ी संख्या में दूसरे समुदाय के लोग लाठी-डंडे लेकर घर और दुकान में घुस आए। मारपीट और पथराव में मां कुसुम देवी, सास विद्या देवी के साथ विवेक घायल हो गए। कई और लोगों को भी चोटें आई हैं। दुकान के बाहर खड़ी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी।
कार्रवाई को लेकर देर शाम पीड़ित पक्ष के साथ हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोग थाने पहुंच गए। कार्रवाई को लेकर वह हंगामा करने लगे। तहरीर पर पुलिस ने सद्दीक, अतीक, रहमान शाह, इमाम शाह, नबाब शाह, असफाक, उमरअली, मुन्ने हुसैन, अमीर शाह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। घटना के बाद से गांव में तनाव है।
विवाद की आशंका को देखते हुए गांव में पीएसी बल की तैनाती की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। देर रात एसडीएम गोविंद मौर्य और सीओ डॉ. दीपशिखा भी गांव पहुंची। उन्होंने गांव वालों से मिलजुल कर रहने की अपील की है।
मोहर्रम के जुलूस को लेकर भी हुआ था विवाद
गांव में मोहर्रम के जुलूस के रास्ते को लेकर भी दोनों समुदाय आमने-सामने आए थे। उस दौरान विवाद शांत करा दिया गया। इसको लेकर ही एक पक्ष रंजिश मान रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि बृहस्पतिवार को चोरी की घटना को आधार बनाकर दूसरे समुदाय ने हमला कर दिया।
वर्जन:
गांव में दो समुदाय आमने-सामने आ गए थे। तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं। गांव में पीएसी बल की तैनाती की गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। – गोविंद मौर्य, एसडीएम आंवला



