Rampur News: सावन के आखिरी सोमवार से पहले लागू हुआ रूट डायवर्जन
रामपुर। बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर एक दिन पहले ही बृहस्पतिवार से रूट डायवर्जन लागू हो गया। बृहस्पतिवार को दोपहर में दो बजे से हाईवे पर भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया। हाईवे की एक लेन पर कांवड़िये और दूसरी लेन में कार, बाइक आदि हल्के वाहन गुजारे जा रहे हैं। फिलहाल रोडवेज बसें भी हाईवे से ही गुजारी रही हैं। कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने के बाद रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा।
सावन के आखिरी सोमवार पर शिवालयों में श्रद्धालुओं और शिव भक्त कांवड़ियों की लाखों की संख्या में भीड़ उमड़ेगी। इसको लेकर हाईवे पर कांवड़ियों का डीजे संग नाचते-गाते हुए गुजरने का सिलसिला शुरू हो चुका है। सावन के आखिरी सोमवार पर पुलिस-प्रशासन सतर्क है। इसलिए मुरादाबाद की तरह रामपुर में भी बृहस्पतिवार से हाईवे पर भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया। दोपहर में दो बजे हाईवे पर जीरो प्वाइंट और शहजादनगर बाईपास की ओर भारी वाहनों का यातायात रोका। इनको अजीतपुर बाईपास से पटवाई होकर शाहबाद को निकाला गया। ऐसे में हाईवे पर कई बार जाम की स्थिति देखने को मिली।
यातायात निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि यात्रियों की सहूलियत के लिए रोडवेज बसों का आवागमन हाईवे से हो रहा है। कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने पर रोडवेज बसें हाईवे से न गुजरकर पटवाई से शाहबाद होकर बरेली व मुरादाबाद की ओर निकाली जाएंगी। डायवर्जन सोमवार रात आठ बजे तक लागू रहेगा।
इन मार्गाें से गुजारे गए भारी वाहन
-बरेली से दिल्ली को जाने वाले भारी वाहन आंवला, शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होकर दिल्ली को गुजारे गए।
-मीरगंज व अन्य मार्गों से दिल्ली जाने वाले वाहनों को तीन बत्ती तिराहा थाना मिलक से पटवाई, शाहबाद, बिलारी, नरौरा होते हुए दिल्ली भेजा।
-रुद्रपुर से वाया रामपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जौहर पुलिया थाना गंज से बाईपास जीरो प्वाइंट शहजादनगर से अजीतपुर बाईपास पुल की साइड से शाहबाद होते हुए बिलारी, चंदौसी, बबराला, बुलंदशहर होकर दिल्ली भेजा।
-रामपुर से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन शाहबाद, बिलारी होकर गुजारे गए। इसी प्रकार मुरादाबाद से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को बिलारी से शाहबाद होकर भेजा गया।
-बरेली जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद से आंवला, अलीगंज होते हुए गुजारा। हल्द्वानी रुद्रपुर से आने वाले भारी वाहन बिलासपुर गेट से होकर गुजरे। रामपुर से हल्द्वानी-रुद्रपुर की तरफ जाने वाले वाहन इसी रूट से होकर गुजरे।
-हापुड़, मेरठ, गढ़ की ओर से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को गढ़ चौपला जनपद हापुड़ से डायवर्ट कर बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, चंदौसी, बिलारी, शाहबाद होते हुए रामपुर भेजा गया।