Bareilly News: सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Fri, 25 Aug 2023 02:08 AM IST
फरीदपुर। रजिस्ट्री कार्यालय से पेटी ले जाने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को सीसीटीवी फुटेज में कैद तस्वीर का दो दर्जन से अधिक आरोपियों की तस्वीरों से मिलान किया। घटना के तीसरे दिन भी पुलिस अपराधी तक नहीं पहुंच पाई।
मंगलवार को रजिस्ट्री कार्यालय में घुसकर एक युवक पेटी उठाकर ले गया। दावा किया जा रहा है कि इसमें करीब तीन लाख रुपये रखे हुए थे। आरोपी की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हालांकि सब रजिस्ट्रार ने रुपये लूटने की बात से इन्कार किया है। उन्होंने पुलिस को कोई तहरीर भी नहीं दी है। एसएसपी ने घटना का संज्ञान लेते हुए खुलासे के लिए एसओजी की टीम लगाई है।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने जेल जा चुके कुख्यात अपराधियों, लुटेरे और डकैतों के दो दर्जन से अधिक आरोपियों के चेहरे से सीसीटीवी फुटेज में कैद युवक के चेहरे का मिलान किया। फरीदपुर इंस्पेक्टर क्राइम सत्य सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश लगातार जारी है। टोल प्लाजा के कैमरे चेक किये तो उनमें आरोपी की कार नहीं दिखी। वहीं बाईपास पर लगे कैमरे नहीं चल रहे थे। इस वजह से पहचान में परेशानी हो रही है। जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद



