Bareilly News: किसानों की रकम हड़ने वाले गिरोह पर आठवीं रिपोर्ट
भोजीपुरा। गिरोह बनाकर जमीन की खरीद-फरोख्त का झांसा देकर किसानों से ठगी करने के मामले में बृहस्पतिवार को भोजीपुरा थाने में दो और रिपोर्ट दर्ज की गईं। आरोपी भोले-भाले किसानों को झांसा देकर अब तक करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं। मामले में अब तक आठ रिपोर्ट दर्ज हो चुकी हैं।
नबावगंज के गांव चमन नगरिया निवासी हनीफ खां ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि कुछ दिन पहले एक व्यक्ति उसके पाया आया था। आरोपी ने अपना नाम कालीचरन गुप्ता निवासी विभूति खंड गोमतीनगर लखनऊ बताया। उसके साथ घंघोरा पिपरिया थाना भोजीपुरा का रहने वाला सतेंद्र यादव भी था। आरोपियों ने बताया कि मीरगंज के गांव मसीहाबाद का रहने वाला उनका परिचित धीरेंद्र यादव गाजियाबाद एक फैक्टरी मे मैनेजर है। फैक्टरी मालिक को जमीन खरीदनी है।
उन्होंने हनीफ खां की जमीन भी देखी। बात में फोन कर कहा कि फैक्टरी मालिक को यह जमीन पसंद नहीं है। कुछ दिन बाद धीरेंद्र यादव ने कॉल कर कहा कि काशीपुर के गांव पैगा में प्रमोद यादव की जमीन है। उन्होंने हनीफ खां को यह जमीन खरीदवाने पर कमीशन देने का लालच दिया। हनीफ ने काशीपुर जाकर प्रमोद यादव से एग्रीमेंट कराया। बयाना के तौर पर 20 लाख रुपये भी दिए। कुछ समय बाद आरोपियों ने धमकी देकर उससे पांच लाख रुपये और ले लिए।
इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिए। हनीफ ने बताया कि जब वह उनके घर गए तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। बाद में पता चला कि कालीचरन गुप्ता महीपाल यादव है। थाना भमोरा के गांव देवचरा निवासी विनोद कुमार गुप्ता से भी आरोपियों ने इसी तरीके से 25 लाख रुपये की ठगी की। विनोद की मौत हो चुकी है। भाई सुरेश चंद्र तहरीर पर पुलिस को तहरीर दी।
सुरेश चंद्र और हनीफ खां की तहरीर पर पुलिस ने ढिलवारी गांव के पूर्व प्रधान सरताज, मसीहाबाद के रहने वाले महीपाल सिंह यादव, बिलासपुर के कोठा जागीर निवासी लाखन सिंह यादव, गाजियाबाद के साहिबाबाद निवासी परवेज अली, मीरगंज के परौरा निवासी अभिनव बेनीवाल, घंघोरा निवासी सतेंद्र यादव, अभयपुर केशौपुर निवासी देव सिंह राना के साथ राजवीर, सलीम, इस्माइल, अबरार, हनीफ खां, धीरेंद्र यादव, हरीश कुमार, श्यामवीर, प्रमोद यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।



