Bareilly News: तय तिथि बाद भी नहीं बना पैंटून पुल, नाव संचालक कर रहे अवैध वसूली

नाव से नदी पार करने पर होती वसूली । स्रोत – सोशल मीडिया
पूरनपुर। शारदा नदी पर पैंटून पुल निर्धारित तिथि के पखवाड़ा भर बाद भी नहीं बन सका। बुधवार को नाव का संचालन तो शुरू हुआ, लेकिन प्रतिबंध के बाद भी नाव से नदी पार करने वालों से अवैध वसूली की गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
तहसील क्षेत्र के शारदा पार के गांव में आवागमन के लिए हर साल पैंटून पुल बनता है। बरसात और बाढ़ समाप्त होने पर पैंटून पुल से 15 अक्तूबर से आवागमन शुरू करने और बाढ़ की आशंका पर 15 जून को आवागमन बंद करने की तिथियां निर्धारित हैं। मगर, पिछले कई सालों से पैंटून पुल निर्धारित तिथि से पहले हटाया जा रहा है और निर्धारित तिथि से पैंटून पुल तैयार कर आवागमन शुरू नहीं हो पा रहा है। इस बार भी अब तक पैंटून पुल बनाने का काम शुरू नहीं हुआ।
पैंटून पुल और नदी में चलने वाली नाव से आवागमन करने वालों से पहले ठेकेदार की ओर से वसूली की जाती थी। मगर कई साल पहले नदी पार करने पर टोल की वसूली प्रतिबंधित कर दी गई है। बुधवार से शारदा नदी पार करने के लिए नाव का संचालन शुरू हो गया। मगर नाव से नदी पार करने वालों से अवैध वसूली की गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।



