Pilibhit News: मैलानी से शाहगढ़ के बीच ट्रेनों के संचालन की तैयारी में जुटे अफसर

पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण करते सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक । संवाद
पूरनपुर। मैलानी-शाहगढ़ के बीच ट्रेनों का संचालन नौ नवंबर से शुरू होने की उम्मीद पर अफसर तैैयारी में जुट गए हैं। बुधवार को सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक एमबी सिंह ने सेहरामऊ, दुधियाखुर्द, पूरनपुर, शाहगढ़ रेलवे और रेलवे स्टेशन और सभी क्रॉसिंग का निरीक्षण किया।
सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक ने बुधवार को कार से सेहरामऊ, दुधियाखुर्द, पूरनपुर और शाहगढ़ स्टेशन पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने रेलवे क्रॉसिंगों पर भी निरीक्षण कर ट्रेनों के संचालन को लेकर कर्मचारियों की दक्षता जांची। स्टेशनों पर उन्होंने ट्रेन ऑपरेशन को लेकर सिंग्नल, प्वाइंट, उपकरण आदि देखे।
निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि ट्रेनों के संचालन की तैयारी पूरी है। सारे संसाधन और स्टाफ पर्याप्त रूप से तैनात है। उधर, मैलानी से शाहगढ़ के बीच रेलवे के कर्मचारी और अफसर नौ नवंबर को संचालन की उम्मीद जता रहे हैं। पीआरओ इज्जतनगर राजेश प्रसाद ने बताया कि ट्रेनों के संचालन को लेकर अभी कोई अधिसूचना नहीं मिली है। अधिसूचना जारी होने आदि पर ट्रेनों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।