Bareilly News: सामूहिक इस्तीफे की पेशकश के बीच डेढ़ करोड़ के प्रस्ताव पास
नवाबगंज। ब्लाॅक सभागार में शनिवार को हुई क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी) की बैठक में कई सदस्य अपने वार्डों में विकास कार्य न कराए जाने से नाराज दिखे। वह सामूहिक इस्तीफे की पेशकश करते हुए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के पास पहुंच गए। हालांकि उनके त्यागपत्र नहीं लिए गए। बाद में सदस्यों ने त्यागपत्र वापस ले गए। इस बीच डेढ़ करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों के प्रस्ताव पास किए गए।
सदस्योें के विरोध के बाद ब्लाॅक प्रमुख प्रज्ञा गंगवार ने सदन में सभी सदस्यों से हाथ खड़े कराके यह पूछा कि किन्हें काम नहीं मिला है, तो कोई भी हाथ खड़ा नहीं कर सका। इसके बाद पूछा गया कि किन-किन सदस्यों के वार्ड में काम हो रहे हैं तो सभी ने हाथ खड़े कर दिए। हाथ उठाने वालों में त्यागपत्र की पेशकश करने वाले सदस्य भी शामिल थे। बैठक में विधायक डाॅ. एमपी आर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, एसडीएम नहनेराम, चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. अजमेर सिंह, एडीओ पंचायत आशीष भटनागर, नीतेश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
सीसी रोड, खड़ंजा और इंटरलॉकिंग के प्रस्ताव पारित
बैठक में ब्लॉक क्षेत्र में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराने के प्रस्ताव पारित किए गए। चंदुआ से घाटमपुर और कुआडांडा तक खड़ंजा का निर्माण, रिछोला गांव में इंटरलाॅकिंग, डिवनापुर गांव में सीसी रोड, बढेपुरा में सीसी रोड आदि प्रस्ताव पारित किए गए। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि विकास कराना उनकी प्राथमिकता है। वह ब्लाॅक के सभी गांवों में विकास का पत्थर लगावाना चाहती हैं। अभी 36 गांवों में विकास कार्य चल रहे हैं।
ब्लॉक कर्मियों पर सम्मान न देने आरोप
कुछ सदस्यों ने ब्लाॅक कर्मचारियों पर उन्हें सम्मान न देने का आरोप लगाया। इस पर विधायक ने बीडीओ महेशचंद्र शाक्य और ग्राम पंचायत अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों के सम्मान न मिलने की शिकायत फिर नहीं मिलनी चाहिए। एसडीएम ने भी कर्मचारियों को फटकार लगाई।
वर्जन
कुछ सदस्य अपना त्यागपत्र देने बैठक में पहुंचे थे, लेकिन मैंने इस्तीफा लेने से मना कर दिया। बाद में सभी सदस्य ने अपना त्यागपत्र वापस ले कर चले गए। नाराज सदस्यों ने काम न मिलने पर नाराजगी जताई थी, जबकि सभी के क्षेत्र में कार्य हो रहे हैं। कुछ सदस्यों की नाराजगी सम्मान न मिलने को लेकर थी। इस पर कर्मचारियों को हिदायत दे दी है। -महेश चंद्र शाक्य, बीडीओ नवाबगंज



